रतलाम : लोकायुक्त की कार्रवाई- भूमि नामांतरण के लिए आठ हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकडी गई आलोट की महिला पटवारी

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read
|||

रतलाम,12 दिसम्बर(खबरबाबा.काम)। जिले के आलोट में पदस्थ एक महिला पटवारी को लोकायुक्त पुलिस ने एक व्यक्ति से भूमि के नामांतरण के लिए आठ हजार रु. की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

लोकायुक्त उज्जैन से मिली जानकारी के अनुसार आलोट के ग्राम आनन्दगढ निवासी किसान भारत सिंह चौहान को अपनी भूमि का नामांतरण करवाना था। इसके लिए उनसे तहसील कार्यालय में आवेदन दिया था। आलोट के पटवारी हल्का न.27 में पदस्थ महिला पटवारी प्रियंका सोनी ने नामांतरण के लिए भारत सिंह से आठ हजार रु. रिश्वत देने की मांग की। आवेदक ने इस बात की शिकायत लोकायुक्त एसपी अनिल विश्वकर्मा को की थी। लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद योजना बनाई और भारत सिंह को विशेष रसायन लगे रिश्वत के नोट लेकर प्रियंका सोनी को देने भेजा।

प्रियंका सोनी ने आवेदक भारत सिंह को आलोट के कारगिल चौराहे पर बुलाया था। लोकायुक्त पुलिस के ट्रैपकर्ता अधिकारी निरीक्षक डा. बसन्त श्रीवास्तव ने पूर्व योजनानुसार भारत सिंह को रिश्वत की रकम लेकर कारगिल चौराहे पर भेजा। जैसे ही भारत सिंह ने भ्रष्ट महिला पटवारी को रिश्वत की रकम सौंपी,लोकायुक्त पुलिस ने दल ने भ्रष्ट पटवारी को पकड लिया। महिला पटवारी के हाथ विशेष रसायन से धुलवाए जाने पर उसके हाथ रंग गए। लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्ट पटवारी प्रियंका सोनी को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है।

लोकायुक्त पुलिस की इस कार्यवाही में निरीक्षक बसन्त श्रीवास्तव के अलावा,विशाल रेश्मिया, इसरार,महेंद्र जाटवा, संजय पटेल, और 02 महिला आरक्षक शामिल थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *