उज्जैन: महिला ने पति और जेठ को मारी गोली, बाद में खुद पुलिस थाने पहुंचकर किया सरेंडर

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read
|

उज्जैन,1जनवरी(खबरबाबा .काम)। नए वर्ष के पहले दिन उज्जैन के इंगोरिया थाना अंतर्गत एक महिला ने अपने पति और जेठ की गोली मारकर हत्या कर दी। पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जेठ ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। हत्या के बाद महिला अवैध देसी कट्टा लेकर थाने पहुंची और सरेंडर कर दिया। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण पारिवारिक विवाद सामने आ रहा है।

सोमवार सुबह उज्जैन के इंगोरिया थाने से महज कुछ दूरी पर गोली चलने से क्षेत्र में दहशत फेल गई। कुछ देर बाद पता चला कि आंगनवाड़ी में काम करने वाली सविता ने पति राधेश्याम और जेठ धीरज को गोली मारी है। राधेश्याम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। धीरज ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

सोमवार सुबह जेठ धीरज पूजा करने के लिए आंगन में आया था, उसी समय सविता ने पहली गोली उसके सिर पर मारी। दूसरी गोली उसके कंधे पर मारी। जेठ को गोली मारने के बाद वह घर के अंदर आई और सोते हुए पति की कनपटी पर गोली मार दी। घटना के बाद हाथ में पिस्तौल लेकर महिला खुद ही थाने पहुंच गई और सरेंडर कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी में जो सामने आया उसके अनुसार जमीन विवाद को लेकर पति और जेठ का सविता से विवाद था। इसी बात को लेकर वह प्रताड़ित थी। हो सकता है कि इसी बात से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया हो।

पुलिस का कहना है कि घटना की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। घटना का कारण पारिवारिक झगड़ा और विवाद बताया जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *