रतलाम: थाने से पुलिस वाहन ले जाकर रंगदारी करने के मामले में उज्जैन आईजी ने बैठाई जांच, डीआईजी को 2 दिन में एक्शन लेने के निर्देश

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read
|

रतलाम,17जनवरी(खबरबाबा.काम)। दो युवकों द्वारा थाने जाकर पुलिस की नाक के नीचे से पुलिस की ही जीप ले जाने और रंगदारी करने के मामले को उज्जैन रेंज आईजी संतोष सिंह ने गंभीरता से लिया है। आईजी ने इस मामले में हुई लापरवाही को लेकर रतलाम रेंज डीआईजी को जांच के निर्देश देते हुए 2 दिन में एक्शन लेने के लिए कहा है।

ज्ञातव्य है कि 14-15 जनवरी की रात को स्टेशन रोड थाने से दो युवक पुलिस की जीप लेकर स्टेशन रोड क्षेत्र स्थित एक होटल पर पहुंचे थे, और होटल संचालक से रंगदारी कर वसूली का प्रयास किया था। इस मामले में होटल संचालक की रिपोर्ट पर आरोपित युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।

इस पूरे मामले में बड़ा सवाल उभर कर यह सामने आ रहा है कि आरोपी थाने में आकर जीप की चाबी ले लेता है और जीप को लेकर चला जाता है और किसी को खबर भी नहीं होती। इधर पुलिस द्वारा बताया गया है कि जो युवक पुलिस थाने से जिस जीप को लेकर गया था वह जीप अधिग्रहित की हुई है और उक्त युवक पूर्व में उस वाहन का चालक रह चुका है।

उज्जैन रेंज आईजी ने दिए एक्शन के निर्देश

इस मामले को उज्जैन रेंज आईजी संतोष सिंह ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने रतलाम रेंज डीआईजी मनोज सिंह को मामले की जांच सौंपते हुए लापरवाह अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ दो दिन में एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं।

इनका कहना है

जो युवक थाने से जीप लेकर गए थे उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। रतलाम रेंज डीआईजी को मामले की जांच करते हुए 2 दिन में लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ एक्शन लेने के लिए कहा गया है।

संतोंष सिंह, आईजी- उज्जैन रेंज

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *