रतलाम,17जनवरी(खबरबाबा.काम)। रुपए देने से मना करने पर दोस्त ने हीं अपने साथी के साथ मिलकर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया और उसकी जेब से 10 हजार रुपए लूट लिए। सैलाना थाना पुलिस ने इस मामले में दो युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
फरियादी गेंदालाल कटारिया 29 वर्ष निवासी गुनावद ने सैलाना थाने में इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी के अनुसार वह कबाड़े का काम करता है। मंगलवार को वह कबाड़ा खरीदने के लिए शिवगढ़ गया था। वहां उसे उसका परिचित संदीप और उसका साथी हर्ष मिला। फरियादी गेंदालाल के अनुसार संदीप ने उससे कहा कि बहुत दिनों बाद मिले हैं इसलिए चलो शराब पीते हैं। इसके बाद तीनो सैलाना से बीयर लेकर रात 8:00 बजे भेरू घाट पहुंचे और वहां बैठकर शराब पीने लगे। कुछ देर बाद संदीप ने गेंदालाल से रुपए मांगे। जब फरियादी ने मना किया तो संदीप और हर्ष ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।
फरियादी के अनुसार बाद में संदीप ने चाकू निकाला और उसके पेट पर वार कर दिया। जब वह घायल होकर नीचे गिर गया तो संदीप ने उसकी पेंट से 10 हजार रूपए निकाल लिए और दोनों मोटरसाइकिल से भाग गए। फरियादी के अनुसार वह बेहोश हो गया था और उसे सैलाना अस्पताल में होश आया।
सैलाना थाना प्रभारी अयूब खान ने बताया कि फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ 323,324,294,392,394,34 एवं एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।