रतलाम: श्री महालक्ष्मी मंदिर के दानपात्र के नोटों की गिनती के पहले उसमें लगी आग, समय पर पाया काबू, हेयर ड्रायर से नोट सुखाकर शुरू हुई गिनती

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read
||

रतलाम,19जनवरी(खबरबाबा.काम)। शहर के माणकचौक क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध श्री महालक्ष्मी मंदिर के दान पत्र में अचानक आग लग गई। इस पर समय रहते काबू पा लिया गया। आज प्रशासकीय अधिकारियों की देखरेख में दानपात्र खोलकर नोटों की गिनती शुरू होना थी, ठीक इसके पहले दान पत्र में आग लगने की घटना हो गई। फिलहाल स्पष्ट रूप से आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
प्रशासन द्वारा दानपात्र को शुक्रवार सुबह 11 बजे खोला जाना था, लेकिन उसके एक घंटे पहले ही दानपात्र में आग लग गई। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।आग बुझाने के दौरान नोट भी पानी में भीग गए हैं, जिन्हें हेयर ड्रायर की मदद से सुखाया गया है।

मंदिर में सुबह करीब 10 बजे दानपात्र में धुआं उठते मंदिर के पंडित संजय पुजारी के बेटे मधुर पुजारी ने देखा था।दानपात्र से धुआं देख व्यापारियों व मंदिर के पीछे स्थित पुलिस थाने पर सूचना दी। थाना प्रभारी प्रीति कटारे बल के साथ मौके पर पहुंची। प्रशासन के अधिकारियों को भी सूचना दी गई। पुलिस बल व आसपास के दुकानदारों व मंदिर में मौजूद लोगों ने पानी डालकर आग को बुझाया। बाद में दानपात्र खोला गया तो सारे नोट गिले हो चुके थे। कुछ नोट जले हुए थे। जिन्हें दो ड्रायर से सुखाया गया।
आग लगने का स्पष्ट कारण फिलहाल पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि दानपात्र के पास श्रद्धालुजनों द्वारा अगरबत्ती घुमाने के दौरान हो सकता है उसमें आग का गुल गिर गया हो। मौके पर पहुंचे सिटी तहसीलदार ऋषभ ठाकुर ने मीडिया को बताया कि दान पात्र में आग लगी थी। मंदिर के सीसीटीवी कैमरे देखे जाएंगे। प्रथम दृष्टया आग का कारण अगरबत्ती का गुल गिरना सामने आ रहा है।कुछ नोट जले हैं। ज्यादा कोई नुकसान नहीं हुआ।नोटों को सुखा कर गिनती की जा रही है।
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *