रतलाम,29जनवरी(खबरबाबा.काम)। बीती रात रतलाम जावरा फोरलेन पर अज्ञात बदमाशों ने वाहनों पर पथराव की घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने पथराव लूट की वारदात को अंजाम देने की इरादे से किया या किसी अन्य कारण से यह फिलहाल पता नहीं चल पाया है। इस घटना से फोरलेन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
पथराव की घटना रात 11:15 से 12:30 बजे के बीच की बताई जा रही है।नयागांव- लेबड़ फोरलेन पर जावरा से रतलाम की ओर आ रहे वाहनों पर नामली और भदवासा के बीच एट लेन के समीप अचानक पथराव शुरू हो गया। सबसे पहले इक्को वाहन क्रमांक एमपी 43 जेड टी 2798 पर पथराव किया गया। जिसके बाद जावरा से रतलाम आ रही बस सहित एक ट्रक और दो कारो पर भी पथराव हुआ। ईको वाहन के चालक घनश्याम चंद्रवंशी को पथराव में आंख में चोट भी आई है। वाहनों पर पथराव होने के बाद सभी वाहन चालक अपने वाहनों को लेकर नामली पुलिस थाने आए। यहां वाहन चालकों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
ड्राइवर साइड ही किया पथराव
वाहनों पर जो पथराव किया गया है वह ड्राइवर साइड ही किया गया है। आशंका है कि ड्राइवर साइड पथराव कर बदमाश वाहनों को रोककर वारदात को अंजाम देना चाहते हो।
यात्रियों में फैली दहशत
वाहनो और यात्री बसों पर पथराव के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई। बस चालक बस को लेकर थाने पहुंचे। इसके बाद दूसरी बसों को बुलाया गया और यात्रियों को रवाना किया गया। पुलिस फिलहाल पता नहीं कर पाई है कि पथराव करने वाले बदमाश कौन थे और उनका इरादा क्या था।
इस घटना से फोरलेन पर आने- जाने वाले वाहनों की सुरक्षा के साथ ही पुलिस की पेट्रोलिंग पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।