रतलाम: आधा दर्जन युवक रात में दरवाजा तोड़कर घर में घुसे और किया चाकू से हमला, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read
|||

रतलाम,30जनवरी(खबरबाबा.काम)। शहर में बदमाशो के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बीती रात आधा दर्जन के लगभग बदमाश दरवाजा तोड़कर एक घर में घुसे और मुखिया पर चाकू से हमला कर दिया। घायल कबीर साहब जैन मंदिर का पुजारी है। गंभीर घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है।
घायल अवधेश पिता श्याम सुंदर त्रिवेदी 46 वर्ष निवासी बिचलावास है। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने भय्यू मराठा सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 307,458,147,148,149 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

आधी रात को दरवाजा तोड़कर घुसे बदमाश और किया हमला

फरियादी अवधेश त्रिवेदी ने पुलिस को की गई रिपोर्ट में बताया कि वह बिचलावास में कबीर साहब जैन मंदिर के पीछे ट्रस्ट के मकान में किराए से रहते हैं और पिछले 30 वर्षों से मंदिर के पुजारी का कार्य कर रहे हैं। फरियादी के अनुसार बीती रात वह अपने घर में सो रहे थे इसी दौरान रात 1:45 बजे उन्हें दरवाजा तोड़ने की आवाज आई। इसी दौरान लात मार कर कमरे का दरवाजा तोड़ दिया। फरियादी ने बताया कि घर में घुसने वालों में भय्यू मराठा और उसके साथ पांच -छह लोग और थे। फरियादी ने बताया कि आरोपी भय्यू ने चाकू से उसके ऊपर हमला कर दिया। परिवार वाले बचाने आए तो उन पर भी आरोपी के साथियों ने हमला किया। हमले में अवधेश त्रिवेदी गंभीर रूप से घायल हुए जिन्हे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है।
घटना का कारण आपसी विवाद बताया जा रहा है।पुलिस ने इस मामले में फरियादी अवधेश त्रिवेदी की शिकायत पर भय्यू और उसके साथी अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *