रतलाम : 11 दिन उपचार के बाद जानलेवा हमले में गंभीर घायल वृद्ध ने तोड़ा दम, परिजन हुए आक्रोशित, एसपी से मिलने के बाद शव ले गए गांव,फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और मकान तोडऩे की मांग

indresh98kumar@gmail.com
4 Min Read
|

रतलाम, 3फरवरी(खबरबाबा.काम)। जिले के पिपलौदा थाना अंतर्गत ग्राम कंचनखेड़ी में 11 दिन पूर्व जानलेवा हमले में घायल 77 वर्षीय वृद्ध की शनिवार को मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। वृद्ध की मौत के बाद परिजन ने आरोपियों की गिरफ्तारी सहित मकान तोडऩे और थाने का स्टॉफ सस्पेंड करने की मांग करते हुए आक्रोश जताया। पुलिस ने आक्रोशित परिजन और रिश्तेदारों को करीब ढाई घंटे से अधिक समय तक समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मानें। अंतत: नाराज परिजन और आक्रोशित एसपी राहुल कुमार लोढा से मिलने कार्यालय पहुंचे। यहां पर वारदात में शामिल फरार आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने और मकान तोडऩे की मांग की गई। एसपी लोढ़ा द्वारा दो दिन के भीतर फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद नाराज लोग शव को अपने साथ ग्राम कंचनखेड़ी लेकर रवाना हुए।

पुलिस के अनुसार 24 जनवरी की सुबह करीब 11 बजे पिपलौदा थाना अंतर्गत निवासी 77 वर्षीय नाथूलाल जाट खेत पर घूमने गए थे, इसी दौरान उन पर जानलेवा हमला किया गया। मामले में अवतार जाट, सुभाष जाट, कपील जाट, बलराम जाट, विक्रम जाट, विकास जाट और पिपलौदा जनपद उपाध्यक्ष सुरेश जाट और अन्य पर हथियारों से जानलेवा हमले का आरोप है । पूरे मामले में वृद्ध पर जानलेवा हमला के पीछे प्रमुख कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है।

पूरे मामले में पुलिस के खिलाफ इस प्रकरण में पिपलौदा जनपद उपाध्यक्ष सुरेश जाट और एक अन्य को गिरफ्तार नहीं करने के आरोप भी लगाए गए।

एसपी के आश्वासन के बाद माने परिजन

नाथूलाल पर जानलेवा हमले के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया था। शनिवार सुबह करीब 11 बजे गंभीर घायल नाथूलाल ने उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। नाराज परिजन और ग्रामीणों ने मौके पर ही हंगामा कर पिपलौदा जनपद उपाध्यक्ष सुरेश जाट और एक अन्य को तत्काल गिरफ्तार करने और उनके मकान तोडऩे की मांग करने लगे। सूचना पर मौके पर पिपलौदा एसडीओपी शक्तिसिंह चौहान और औद्योगिक थाना प्रभारी राजेंद्र वर्मा बल लेकर पहुंचे। यहां पर आक्रोशित परिजन को पुलिस अधिकारियों द्वारा करीब ढाई घंटे से अधिक समय तक समझाने की कोशिश भी की। नाराज परिजन पुलिस अधिकारियों के आश्वासन से संतुष्ट नहीं होकर एसपी लोढा के पास शव लेकर प्रदर्शन की मांग पर अड़े रहे। पुलिस द्वारा शव नहीं सौंपने पर नाराज परिजन अपने-अपने वाहनों से मेडिकल कॉलेज से एसपी लोढा के पास पहुंचे। एसपी लोढा के चेंबर में करीब 25 मिनट तक चर्चा उपरांत फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और सख्त कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद सभी वापस लौटे।

इनका कहना है

नाथूलाल पर हमले के बाद पिपलौदा थाना में आठ आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया था। शनिवार को नाथूलाल की उपचार के बाद मौत होने पर आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराएं बढ़ चुकी हैं। अभी तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किए जा चुके है। शेष दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। पूरे मामले के लिए एसआईटी गठित की गई है जो कि जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

– राहुल कुमार लोढा-एसपी, रतलाम

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *