रतलाम: मारपीट में घायल वृद्ध की मौत के मामले में आरोपियों के घर चला बुलडोज़र, एसपी ने पिपलोदा टीआई और एसआई को किया निलंबित

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read
|||||

रतलाम, 04 फरवरी(खबरबाबा.काम)। जिले के पिपलौदा थाना अंतर्गत ग्राम कंचन खेड़ी में मारपीट में घायल वृद्ध की मौत के मामले में आज परिजनों ने आरोपी के घर के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित परिजनों ने आरोपी के घर को तोड़ने की मांग की। परिजनों के हंगामे के बाद प्रशासन का बुलडोजर आरोपियों के घर पंहुचा और अवैध अतिक्रमण को तोडा गया। मौके पर भारी पुलिस बल सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। दूसरी तरफ मामले से जुड़े पिपलोदा के थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान और जाँच अधिकारी एसआई एल दायमा को लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया गया है।

ज्ञातव्य है कि जिले के पिपलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम कंचनखेड़ी में आपसी रंजिश के चलते हुए हमले में घायल वृद्ध 77 वर्षीय नाथूलाल चौधरी की इलाज के दौरान शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे मृत्यु हो गई थी। उनकी मृत्यु के बाद परिजन और अन्य लोगों में रोष फैल गया तथा वह आरोपियों की गिरफ्तारी करने और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग करने लगे। मांग नहीं मानने पर वे शव मेडिकल कालेज से एसपी आफिस ले जाकर रखकर धरना देने वाले थे, लेकिन उन्हें शव नहीं दिया गया। इस पर आक्रोशित परिजन बगैर शव के एसपी आफिस पहुंचे थे और प्रदर्शन किया था। पुलिस अधीक्षक राहुल लोढ़ा ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया था कि आरोपियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी।

आज अंतिम संस्कार के पूर्व परिजनों ने आरोपियों के घर के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस और प्रशासन की एक टीम आरोपियों के घर पहुंची और बुलडोज़र से अवैध निर्माण तोड़े गए। एसडीएम अनिल भाना समेत अनेक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे। दूसरी तरफ गंभीर मामले में पर्याप्त सक्रियता नहीं बरतने वाले पिपलोदा टीआई विक्रम सिंह चौहान और एस आई एल दायमा को पुलिस अधीक्षक राहुल लोढ़ा ने निलंबित कर दिया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *