
रतलाम,7फरवरी(खबरबाबा.काम)। जिले के बाजना क्षेत्र के जंगल में मिली युवक की लाश की शिनाख्त हो गई है। युवक की कहीं और हत्या कर लाश फेकें जाने की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की शिनाख्त राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के रमेश चारेल के रूप में हुई है।बाजना थाना प्रभारी मोहनसिंह मौर्य ने बताया कि मंगलवार शाम को सूचना मिली थी कि बाजना-कुंदनपुर मांडलिया का घाट जंगल में शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंच कर देखा तो शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे। अंडरवेयर के अलावा शरीर पर कपड़े नहीं थे। सिर से खून निकला हुआ था। चोट के निशान थे। शव 30 से 35 साल के युवक का है। घटना के बाद मौके पर एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल भी पहुंचे। आसपास क्षेत्र में पुलिस ने भी जांच की। शव को बाजना सामूदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। बुधवार सुबह पीएम किया गया।
थाना प्रभारी मौर्य के अनुसार युवक की शिनाख्त रमेश पिता रामचन्द्र चारेल उम्र 36 ,ग्राम उमरझोखा थाना पाटन , जिला बांसवड़ा के रूप में हुई है। युवक का ससुराल ग्राम मनासा थाना शिवगढ़ क्षेत्र में है। कई सालो से ये ससुराल पक्ष में ही रह रहा था। जानकारी के मुताबिक 5 फरवरी को युवक
घर से निकला था। मृतक के परिवार में इसकी पत्नी पुंजी बाई, बेटा और बेटी है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार युवक की कहीं और हत्या कर शव घटना स्थल पर फेकें जाने की आशंका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



