
रतलाम,20फरवरी(खबरबाबा.काम)। कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार लगातार एक्शन मोड में बने हुए हैं। लापरवाही पर वे अधिकारियों पर कार्रवाई करने से भी नहीं बच रहे हैं। ताजा मामले में कलेक्टर ने कार्य में ढिलपोल रवैये पर दो तहसीलदारों को हटाते हुए तीन की वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश जारी किए हैं।

आम जनता को अपने कार्य के लिए शासकीय कार्यालय के बार-बार चक्कर न लगाना पड़े इसके लिए कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार लगातार प्रशासकीय कार्यों में कसावट लाने में जुटे हुए हैं। जो अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं,उन पर सख्त एक्शन भी लिया जा रहा है। कलेक्टर लगातार जिले के अलग-अलग गांव का दौरा भी कर रहे हैं और खामियां नजर आने पर उन्हें सुधारने के निर्देश जारी करते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई कर रहे हैं।
दो तहसीलदारों को हटाया
कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार ने राजस्व कार्यो में रुचि नहीं लेने और लगातार शिकायत मिलने पर जावरा तहसीलदार श्रीमती लीला जैन को हटा दिया है। इसी तरह मुख्यालय से अनुपस्थित रहने और कार्य में लापरवाही पर बड़ावदा नायब तहसीलदार सविता राठौर को भी कार्य मुक्त करते हुए कलेक्टर द्वारा जिला मुख्यालय अटैच कर दिया गया है।
तीन की वेतन वृद्धि रोकी
कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार द्वारा तीन तहसीलदारों की एक-एक वेतन वृद्धि भी रोकी गई है। इसमें नायब तहसीलदार सविता राठौर, तहसीलदार लीला जैन और नायब तहसीलदार नामली कुलभूषण शर्मा की एक-एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश जारी किए गए हैं।
लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर कलेक्टर ने साफ संकेत दे दिए हैं कि कार्यों में लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं होगी।



