रतलाम: शराब के रुपए मांगने और सरेआम मारपीट कर दहशत फैलाने वाले आरोपियों का पुलिस ने निकाला जुलूस-सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो हुआ था वायरल

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read
|

रतलाम,20मार्च(खबरबाबा.काम)। गीता मंदिर रोड पर युवक को रोककर उससे शराब पीने के रुपए मांगने और नहीं देने पर निर्दयता पूर्वक मारपीट करने के आरोपियों का आज पुलिस ने जुलूस निकाला। इस मामले में पुलिस ने बुधवार तक कुल पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।

बुधवार को स्टेशन रोड पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर जुलूस निकाल न्यायालय में पेश किया, यहां से तीनों बदमाशों के जेल भेजने के आदेश जारी हुए हैं। इसके पूर्व 17 मार्च को वारदात के दो अन्य आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

15 मार्च की रात करीब 10 बजे गोविंद (24) पिता निर्भयराम चौहान निवासी ग्राम कारोदा (थाना बदनावर) जिला धार अपने दोस्त शंभू और विजय भाभर के साथ मां कालिका के दर्शन कर वापस लौट रहा था। गीता मंदिर रोड पर आरोपी युवराज पिता नारायण सिंह निवासी बिरियाखेड़ी, गोविंद पारगी निवासी डेलनपुर, गोपाल पिता मोहनलाल भूरिया, अशोक पिता रामलाल डामोर एवं अर्जुन पिता मांगीलाल राणा तीनों निवासी ग्राम सनावदा ने गोविंद का रास्ता रोककर अवैध रुपयों की मांग की थी। इस दौरान बदमाशों को रुपए देने से जब इंकार किया तो सभी आरोपी उस पर टूट पड़े और बीच सडक़ पर उत्पात मचाते हुए जमकर मारपीट कर दहशत फैलाई थी। दहशतगर्दों की उक्त सरेराह वारदात को राहगीरों ने मोबाइल पर कैद कर सोशल मीडिया पर उक्त वीडियो वायरल कर दिया था।

एसपी राहुल कुमार लोढा ने मामले को संज्ञान में लेते हुए फरियादी और आरोपियों के शिनाख्त के स्टेशन रोड पुलिस को निर्देश दिए थे। सीसीटीवी फूटेज के आधार पर पुलिस ने फरियादी गोविंद चौहान की तफ्तिश के बाद मेडिकल करवाकर आरोपियों के खिलाफ भादंवि की धारा 327, 294, 323, 506 एवं 34 में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस ने बदमाशों की शिनाख्ती करते हुए अभी तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को गिरफ्तार बदमाश गोपाल, अशोक एवं अर्जुन को थाने से न्यायालय जुलूस निकालकर ले जाया गया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *