रतलाम: सिविक सेंटर की रजिस्ट्री के मामले में लोकायुक्त की एंट्री, जांच टीम रतलाम पहुंची, नगर निगम और रजिस्ट्रार ऑफिस से दस्तावेज लिए

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read
|

रतलाम,27मार्च(खबरबाबा.काम)। सिविक सेंटर रजिस्ट्री मामले में अनियमितता की शिकायत के बाद अब लोकायुक्त की एंट्री हो गई है। उज्जैन लोकायुक्त की टीम आज जांच के लिए रतलाम पहुंची। टीम ने नगर निगम और रजिस्ट्रार ऑफिस पहुंचकर संबंधित दस्तावेज भी अपने कब्जे में लिए।

लोकायुक्त डीएसपी सुनील तालान के नेतृत्व में बुधवार सुबह लोकायुक्त की टीम रतलाम नगर निगम पहुंची। टीम ने यहां से सिविक सेंटर के प्लाटों की रजिस्ट्री के मामले में जांच से संबंधित बिंदुओं की जानकारी प्राप्त की। नगर निगम से टीम ने कई दस्तावेज भी लिए जो जांच के लिए जरूरी है।

करीब 1 घंटे से अधिक समय तक नगर निगम में रुकने के बाद टीम महलवाड़ा स्थित रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंची। लोकायुक्त टीम ने यहां से सभी रजिस्ट्री की कॉपी ली। टीम ने रजिस्ट्री से संबंधित जानकारी भी यहां से प्राप्त की।

रजिस्ट्री में अनियमितता को लेकर हुई शिकायत

ज्ञातव्य है कि सिविक सेंटर के 22 प्लाटों की रजिस्ट्री को लेकर पिछले कुछ समय से नगर निगम का माहौल गरमाया हुआ है। इस मामले में शिकायत पर तत्कालीन कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार भी अपनी जांच रिपोर्ट नगरीय प्रशासन मंत्रालय को सौंप चुके हैं, इसके बाद निगम आयुक्त ए.पी.एस गहरवार को निलंबित भी किया जा चुका है। परिषद सम्मेलन में भी भाजपा पार्षदों ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। परिषद में रजिस्ट्री शुन्य करवाने का निर्णय भी पारित किया गया था, हालांकि पिछले दिनों रजिस्ट्री शुन्य करने के परिषद के प्रस्ताव पर हाईकोर्ट ने स्टे दे दिया है। सिविक सेंटर प्लाटों की रजिस्ट्री को लेकर ईओडब्ल्यू और लोकायुक्त को भी शिकायत हुई थी। शिकायत के बाद आज लोकायुक्त टीम ने रतलाम पहुंचकर इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

इनका कहना है

सिविक सेंटर प्लाटों की रजिस्ट्री में अनियमितता को लेकर लोकायुक्त को शिकायत हुई थी। इसी मामले में जांच के लिए आज टीम रतलाम आई है। नगर निगम और रजिस्ट्रार ऑफिस से दस्तावेज लिए गए हैं।

सुनील तालान, डीएसपी लोकायुक्त

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *