रतलाम: डबल मर्डर – शेष आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर कलेक्टोरेट में धरने पर बैठे परिजन और ग्रामीण, कार्रवाई के आश्वासन पर माने

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
|

रतलाम,27मार्च(खबरबाबा.काम)। नामली थाना क्षेत्र अंतर्गत हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में आज मृतकों के परिजन और ग्रामीणों ने शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर कलेक्टोरेट में प्रदर्शन कर धरना दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीण माने।

नामली क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा किया था। इस मामले में पुलिस ने 21 लोगों को आरोपी बनाया है। इसमें 7 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि शेष 14 आरोपी फरार हैं। मामले में बुधवार को मृतक के परिजन और ग्रामीण कलेक्टोरेट पहुंचे और प्रदर्शन कर धरना दिया। परिजनों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा।

इस दौरान मृतक गजेंद्रसिंह डोडिया के भाई राकेश डोडिया ने बताया कि उक्त हत्याकाडं के आरोपियों की अवैध संपत्तियों की जांच की जाए। इसके अलावा अवैध निर्माण तोड़े जाए और मृतक के परिजनों को यथोचित मुआवजा राशि प्रदान करने के साथ ही शेष फरार 14 आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।

आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों से अपर कलेक्टर आरएस मंडलोई, एडिशनल एसपी राकेश खाखा ने बातचीत कर उन्हें आश्वास्त किया। एडिशनल एसपी खाखा, एडीएम आर.एस. मंडलोई, सीएसपी अभिनव वारंगे आक्रोशित परिजन से चर्चा के लिए सीढिय़ों पर बैठे और अब तक की कार्रवाई से अवगत कराया। इसके अलावा उनकी शेष मांगों को वरिष्ठ अधिकारी और शासन तक पहुंचाने का भी आश्वासन दिया। आक्रोशित परिजन और ग्रामीण एडिशनल एसपी खाखा से प्राप्त आश्वासन के बाद वापस अपने गांव लौट गए।

यह है मामला

21 व 22 मार्च की मध्य रात रतलाम फोरलेन पर गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों को कांडरवासा फंटे के पास केशव (29) पिता विष्णु गुर्जर निवासी ग्राम सेमलिया, गजेंद्र उर्फ गज्जू (30) पिता पूनमचंद्र डोडिया निवासी ग्राम अमलेटा मृत मिले थे। उनके शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए थे। वहीं शवों से कुछ दूरी पर उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त मिली थी। पहले माना जा रहा था कि दोनो युवकों की मौत सडक़ हादसे में हुई होगी। पुलिस जांच में मामला हत्या का निकला। पुलिस ने इस मामले में 21 लोगों को आरोपी बनाया है जिसमें से सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *