रतलाम: इंग्लिश कोचिंग सेंटर की आड़ में संचालक करता था घिनौना काम, कई युवतियों और महिलाओं को बनाया अपना शिकार, सैकड़ो वीडियो मिले, पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार

indresh98kumar@gmail.com
5 Min Read
|

रतलाम,10अप्रैल(खबरबाबा.काम)। इंग्लिश कोचिंग सेंटर की आड़ में महिलाओं और युवतियों को अपना शिकार बनाकर उनका दैहिक शोषण करने और चोरी से वीडियो बनाए जाकर ब्लैकमेलिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने कोचिंग संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से सैकड़ो वीडियो भी बरामद हुए है।

बुधवार को एसपी राहुल लोढा ने इस पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस कंट्रोल रूम पर आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी श्री लोढा ने बताया कि शहर के अस्सी फीट रोड पर विजन इंग्लिश कोचिंग क्लास संचालित करने वाले संजय पोरवाल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। संजय अब तक एक दर्जन के लगभग युवतियों और महिलाओं को अपना शिकार बनाकर उनका यौन शोषण करने के साथ साथ लाखों रुपए की वसूली भी कर चुका है।

पुलिस अधीक्षक राहूल कुमार लोढा ने बताया कि मंगलवार को एक महिला शिकायतकर्ता पुलिस के पास पंहुची थी,जिसने पुलिस को बताया कि आरोपी संजय पिता मोहन लाल पोरवाल 40 निवासी दीनदयाल नगर द्वारा लम्बे समय से उसका शारीरीक शोषण किया जा रहा है और उसके आपत्तिजनक फोटो विडीयो बनाकर उसे ब्लैकमेल भी किया जा रहा है। बदनामी के डर से इसका कोई भी शिकार पुलिस में रिपोर्ट करने से डरता है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी श्री लोढा ने एएसपी राकेश खाखा के मार्गदर्शन और सीएसपी अभिनव वारंगे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर आरोपी संजय पोरवाल के अस्सी फीट रोड स्थित कोचिंग क्लास विजन कोचिंग सेन्टर पर छापा मारा। पुलिस को यहां से अलग अलग कम्पनियों के 10 मेमोरी कार्ड,एक पैन ड्राइव,4 यूएसबी डाटा स्टोर,लैपटाप तो मिला। पुलिस को शराब की बोटलें,महिलाओं के अन्तर्वस्त्र,और अन्य कपडे भी मिले।

मोबाइल में मिले सैकडों अश्लील विडीयो

एसपी श्री लोढा ने बताया कि आरोपी संजय के मोबाइल की गैलरी में ही पुलिस को करीब साढे चार सौ ऐसे विडीयो मिले है,जिन्हे स्पाई कैमरों से शूट किया गया है। आरोपी संजय जिन महिलाओं को अपना शिकार बनाता था,उनका शारीरिक शोषण करने के समय स्पाई कैमरों से उनके विडीयो भी बना लेता था। आरोपी के कब्जे से जब्त मैमोरी कार्ड्स और लैपटाप आदि की जांच होना अभी बाकी है।

ब्लैकमेलिंग से लाखों रुपए की वसूली

एसपी श्री लोढा ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर हुई जांच में सामने आया है कि आरोपी संजय पोरवाल जिन महिलाओं को शिकार बनाता था उनसे लाखों रुपए की वसूली कर चुका है। पुलिस के पास पंहुची शिकायतकर्ता से ही वह साढे चार- पांच लाख रुपए वसूल कर चुका है। उसके द्वारा शिकार बनाई गई महिलाओं में अविवाहित युवतियों के साथ विवाहित महिलाएं भी शामिल है।

बारह सालों से कर रहा है ब्लैकमेलिंग

एसपी श्री लोढा ने बताया कि आरोपी महिलाओं को शिकार बनाने का काम पिछले बारह वर्षों से कर रहा है। उसके द्वारा पूर्व में डांस क्लास चलाने की जानकारी भी सामने आई है। डांस क्लास में आने वाली युवतियों और महिलाओं को भी वह अपना शिकार बना लेता था। एसपी श्री लोढा के मुताबिक डांस और इंग्लिश के नाम पर महिलाएं उससे प्रभावित हो जाती थी। ऐसी महिलाओं से पहले तो वह दोस्ती कर लेता था और फिर उन्हे अपनी बातों में फंसा कर उनसे शारीरिक सम्बन्ध बना लेता था।

शादीशुदा है आरोपी

एसपी श्री लोढा ने बताया कि चालीस वर्षीय संजय पोरवाल शादीशुदा होकर उसके दो बच्चे भी है। इसके बावजूद वह महिलाओं और युवतियों को अपना शिकार बनाने के काम में लगा रहता था। एसपी ने बताया कि अभी तक की जांच में उसके द्वारा किसी नाबालिग युवती को अपना शिकार बनाए जाने की बात सामने नहीं आई है। यदि आगे जांच में ऐसे तथ्य सामने आते है तो सुसंगत धाराएं बढाई जाएगी। उन्होने बताया कि फिलहाल आरोपी संजय पोरवाल के खिलाफ बलात्कार और ब्लैकमेलिंग की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

महिलाओं को अपना शिकार बनाने वाले आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक अर्जुन सेमलिया,एसआई देवीलाल पाटीदार,प्र.आर.अर्चना बाथरी,आरक्षक रोशन,बिलर,पवन जाट,पूजा चौहान,नवीन जोट,संजय और राजूलाल आदि की सराहनीय भूमिका रही।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *