
रतलाम,9मई(खबरबाबा.काम)।कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता चरण सिंह सपरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झूठ की मशीन है। जो कहते है, उसमें सच्चाई नहीं रहती। वे डर का व्यापार करना चाहते है। सभाओं में अनर्गल बातें कह रहे है। वोट की खातिर दहशत फैलाने के प्रयास में जुटे है। प्रदेश में कांग्रेस ताकत से चुनाव लड़ रही है। उम्मीद है लगभग 16 सीट कांग्रेस के खाते में आएगी।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता चरण सिंह सपरा ने यह बातें कल रतलाम में आयोजित पत्रकारवार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में जो कायर थे वे संघ में चले गए हैं और जो बहादुर है वे सभी चुनावी जंग में हमारे साथ है। हालांकि दोनों ओर से पार्टी बदलने के आंकड़ें लगभग समान है। भाजपा से भी उनके पदाधिकारी कांग्रेस में आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल से देश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। रेलवे के दाहोद इंदौर, छोटा उदयपुर धार रेलवे लाइन तथा रतलाम-डूंगरपुर व्हाया बांसवाड़ा रेल प्रोजेक्ट में डबल इंजिन सरकार के दौरान भी फंड उपलब्ध नहीं करवाया गया। इस वजह से प्रोजेक्ट को गति नहीं मिल पाई। मध्य प्रदेश के धार और खरगोन में मोदी की सभा में उन्होंने महंगाई पर एक शब्द भी नहीं कहा।
क्या उन्हें पेट्रोल के भाव कम नहीं करना चाहिए। बेरोजगारी को खत्म करने पर प्रधानमंत्री के नाते उन्हें नहीं बोलना चाहिए…?
पत्रकार वार्ता में स्थानीय कांग्रेस नेता मौजूद रहे।



