रतलाम: मेडिकल कॉलेज की पार्किंग में छुपाई अवैध शराब से भरी कार, पुलिस ने शराब जप्त कर एक आरोपी को किया गिरफ्तार, मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
|

रतलाम,24मई(खबरबाबा.काम)। शहर की औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने शासकीय मेडिकल कॉलेज की कार पार्किंग से अवैध शराब से भरी एक कार बरामद की है। जब्त शराब का मूल्य 10 लाख रुपए के लगभग बताया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। कॉलेज परिसर में शराब से भरी कार छिपाने का मामला सामने आने पर मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार गुरुवार रात को औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों के रहवासी इलाके की पार्किंग से अवैध शराब से भरी कार जब्त की है। कार की तलाशी लेने पर उसमें 60 पेटी देशी शराब , 07 पेटी पॉवर कम्पनी की टिन बियर, 02 पेटी हंटर कम्पनी की टिन बियर मिली। पुलिस ने कार और शराब को जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार कार सेजावता निवासी बसंतीलाल पिता लक्ष्मीनारायण टांक की है। बसंतीलाल को कुछ समय पूर्व शराब बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। मेडिकल कॉलेज परिसर की पार्किंग में खड़ी कार को पुलिसकर्मियों ने पहचान लिया। इसी दौरान बसंतीलाल का 27 वर्षीय बेटा प्रिंस टांक भी वहां संदिग्ध अवस्था में घूमता मिल गया। अतः शराब से भरी कार जब्त कर आरोपी प्रिंस को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि शराब उसके घर में रखी थी। पकड़े जाने के डर से उसने शराब कार में भर कर उसे मेडिकल कॉलेज की पार्किंग में लाकर खड़ी कर कवर से ढंक दी थी। आरोपी प्रिंट टांक के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

जहां से शराब जब्त हुई वहां से वह डॉक्टरों का रहवासी क्षेत्र हैं। डीन के बंगले के लगभग 50 मीटर की दूरी पर डी-ब्लॉक बहुमंजिला इमारत है जिसके नीचे पार्किंग है। डॉ. शैलेंद्र डाबर गुरुवार शाम को करीब 7 बजे अपनी कार 202 नंबर के पार्किंग एरिया में पार्क करने पहुंचे। वहां पहले से ही एक कार खड़ी थी जो कवर से ढंकी हुई थी। कार के पास से शराब की तेज दुर्गंध भई आ रही थी। इससे उन्होंने अन्य डॉक्टरों के साथ स्थानीय पुलिस चौकी पर भी सूचना दी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और संदिग्ध कार की जानकारी औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी वर्मा एवं आबकारी विभाग को दी। जानकारी मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी वर्मा भी बल के साथ पहुंच गए और कार को जब्त कर आरोपी खिलाफ कार्रवाई की।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *