
रतलाम, 27जून (खबरबाबा.काम)। बीती रात अज्ञात बदमाशो द्वारा महू रोड फोरलेन पर घूमने निकले पति पत्नी के साथ मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दे दिया गया। फरियादी के अनुसार बदमाशों ने खेत में ले जाकर उनके साथ मारपीट की और नगदी,आभूषण एवं मोबाइल लूट लिए। फरियादी ने आज गुरूवार को पुलिस थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
लूट की वारदात शहर के ब्राह्मणो का वास निवासी अनिल पिता गेंदालाल उपाध्याय 47वर्ष और उनकी पत्नी के साथ हुई है। पुलिस को की गई रिपोर्ट में फरियादी ने बताया कि बुधवार रात करीब 11:00 बजे वह अपनी पत्नी के साथ बाइक पर बालाजी हनुमान मंदिर के दर्शन कर महू नीमच फोरलेन की ओर घूमने के लिए निकल गए। मांगरोल फंटे के पास पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए बदमाशो ने उनकी बाइक के आगे गाड़ी लगा दी। जिससे बाइक सवार दंपति का संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गए। फरियादी के अनुसार इसी दौरान एक बदमाश ने उसके सिर पर डंडे से वार किया। पत्नी ने शोर मचाया तो बदमाशों ने उसके साथ भी पत्थर से मारपीट करना शुरू कर दी।
फोरलेन से खेत में ले जाकर की मारपीट
फरियादी के अनुसार बदमाश उसे और उसकी पत्नी को खींचकर खेत में ले गए और दोनों के साथ मारपीट करना शुरू कर दी। बदमाशों ने फरियादी की पत्नी के कान से सोने की बाली, दो सोने के टॉप्स, एक खोटा मंगलसूत्र, नाक की सोने की बाली, चांदी की पायल, हाथ की खोटी चूड़ियां और उसकी जेब में रखा पर्स जिसमें 20 हजार रुपए नगद एवं जरूरी दस्तावेज और एक मोबाइल फोन लूट लिया।
फरियादी के अनुसार बदमाश उनकी मोटरसाइकिल भी ले गए और कहा कि पुलिया के नीचे से बाद में मोटरसाइकिल ले लेना। फरियादी के अनुसार बदमाश वारदात के बाद खेत की ओर चले गए। दो बदमाशों ने मास्क पहन रखे थे और दो बदमाशों के चेहरे फरियादी ने सामने आने पर पहचानने की बात कही है। वारदात के बाद फरियादी और उनकी पत्नी पैदल-पैदल घटनास्थल के समीप स्थित पेट्रोल पंप पर आए और वहां के कर्मचारियों से फोन लेकर डायल 100 को सूचना दी। कुछ देर बाद पुलिस वाहन मौके पर आया और दोनों को अस्पताल ले गया। गुरुवार को फरियादी ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ धारा 394 एवं 506 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।



