
रतलाम, 4जुलाई(खबरबाबा.काम)। शहर के डोंगरे नगर क्षेत्र की एक कॉलोनी में गुरुवार शाम को बेकाबू कार की टक्कर से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं लगी। वाहन एक नाबालिग चला रहा था। रहवासियों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। आक्रोशित रहवासियों ने रास्ता रोककर धरना भी दिया। खास बात यह है कि क्षेत्र के भाजपा पार्षद भी जनता के साथ धरने पर बैठ गए और नगर निगम अधिकारियों पर उनकी नहीं सुनने का आरोप लगा दिया।

घटना आज शाम चार बजे की बताई जा रही है। शहर के डोंगरे नगर क्षेत्र की एक कालोनी में एक बेकाबू कार ने कई वाहनो को टककर मार दी।एक के बाद एक वाहनो को टककर मारता देख नागरिको ने कार का पीछा किया और कार को रुकवा कर चालक को पकड़ लिया। कार एक नाबालिग बालक चला रहा था। टक्कर से दो मोटरसाइकिल, एक साइकिल,एक बलेनो कार , लोडिंग वाहन को नुक़सान पंहुचा है। इन वाहनो को टक्कर मारने के बाद कार एक मकान की दीवार से जा टकराई। नाबालिक कार चालक को क्षेत्र वासियों ने पकड़ा और मोके पर पहुचे औद्योगिक क्षेत्र थाने के जवानो को सौपा।
घटना के बाद नागरिको ने रोड पर स्पीड ब्रेकर की मांग करते हुए चक्कजाम करते हुए धरना शुरू कर दिया। नागरिकों के द्वारा चकाजाम की सुचना पर वार्ड के भाजपा पार्षद बलराम भट्ट, भाजपा नेता राजेंद्र सिंह सोलंकी, श्रीमती ममता सोलंकी भी धरना स्थल पर पहुंच गए थे। पार्षद भी वार्ड के रहवासियों के साथ धरने पर बैठ गए।
वार्ड के भाजपा पार्षद बलराम भट्ट का कहना है की इस सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग उनके द्वारा काफ़ी समय से की जा रही है। लेकिन नगर निगम के अधिकारी सुनवाई नहीं करते है। इसलिए आज नागरिकों के साथ मुझे भी धरने पर बैठना पडा। भाजपा पार्षद का आरोप था की नगर निगम के अधिकारी उनकी सुनते नहीं है।
इधर इस मामले में औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी राजेंद्र वर्मा ने बताया कि कार को जब्त करते हुए चालक को अभिरक्षा में लिया गया है। कार नाबालिक द्वारा चलाई जा रही थी। पुलिस नियम अनुसार कार्रवाई कर रही है।


