
रतलाम,10जुलाई(खबरबाबा.काम)। पुलिसकर्मी को धमकाने एवं वाहन में तोड़फोड़ करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्टेशन रोड थाना पुलिस ने भाजपा नेता एवं पूर्व निगम अध्यक्ष दिनेश पोरवाल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।इस मामले में भाजपा नेता दिनेश पोरवाल ने कहा कि वायरल वीडियो आधा अधूरा है। इस मामले में वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर पूरा मामला रखेंगे।
पुलिस के अनुसार 08 जुलाई को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति पुलिस कर्मचारी से बदतमीजी करते हुए अपने हाथ में पत्थर उठाकर पास खड़े वाहन में तोड़फोड़ करते हुए दिख रहा था। जिसके संबंध में थाना डीडीनगर पर पदस्थ आरक्षक फरियादी अजीतसिह पिता दिलीपसिह चौहान 38 साल निवासी पुलिस लाइन की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज किया गया है।
घटना का विवरण
06 जुलाई को आरक्षक अजीत सिंह व सैनिक शादाब की ड्युटी शाम 6.00 बजे से रात्रि 12.00 बजे तक सैलाना बस स्टेण्ड ,हाट चौकी क्षैत्र में थी। आरक्षक अजीतसिंह तथा सैनिक शादाब ड्युटी के दौराने रात्रि में भ्रमण कर सैलाना बस स्टेण्ड पर दुकानदारो को समय पर दुकाने बंद करवाने की समझाईश देते हुए करीबन 11.35 बजे गायत्री टाकीज रोड पहुंचे तो देखा दिनेश पोरवाल गायत्री टाकीज के बोर्ड व गेट पर पत्थर फेंक रहे थे। आरोप है कि पुलिस कर्मचारियों के द्वारा टोकने पर दिनेश पोरवाल द्वारा पुलिस कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार किया गया। आरक्षक अजीत सिंह की रिपोर्ट पर थाना स्टेशन रोड पर धारा 296, 132, 125, 324(4),351(2)बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया।
इस मामले में भाजपा नेता पोरवाल ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो आधा अधुरा है। पुलिसकर्मी ने वीडियो को काटछांट कर बनाया है। मुझ पर झूठा प्रकरण दर्ज किया गया है। रहवासी जाम से आये दिन परेशांन रहते है, लेकिन कोई देखने वाला नहीं है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियो से मिलकर पूरे मामले को रखूंगा।



