रतलाम: लंबे इंतजार के बाद शहर और जिले में मूसलाधार बारिश, पानी- पानी हुआ रतलाम, सड़कों पर नदी जैसा नजारा, झाली तालाब भी हुआ लबालब, कई जगह घरों और दुकानों में घुसा पानी

indresh98kumar@gmail.com
4 Min Read
|

रतलाम,25जुलाई(खबरबाबा.काम)। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार शहर में मौसम की पहली मूसलाधार बारिश हुई। लगभग तीन घंटे की जोरदार बारिश में शहर पानी-पानी हो गया। इस दौरान नगर निगम की कार्य प्रणाली की भी पोल खुल गई। शहर के कई मार्गों पर जल भराव होकर नदी जैसा नजारा देखने को मिला। कई क्षेत्र में घर और दुकानों में पानी घुसने के समाचार मिल रहे हैं।

रतलाम में पिछले कई दिनों से तेज बारिश का इंतजार सभी लोगों को था। गुरुवार दोपहर को रतलाम पर इंद्रदेव मेहरबान हुए और तेज बारिश का दौर शुरू हुआ। झमाझम बारिश ने शहर की सड़कों को नदियों में तब्दील कर दिया। शहर में कई जगह जल जमाव की स्थिति बन गई। तेज बहाव और पानी भरी सड़कों से गुजरने वाले दो पहिया और चार पहिया वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। तीन घण्टे में करीब दो इंच से अधिक बारिश होने का अनुमान है।

शहर के कई क्षेत्रों में जल भराव

झमाझम बारिश ने शहर के कई क्षेत्रों को जल मग्न कर दिया। दो बत्ती चौराहे से न्यू रोड और डाट की पुल क्षेत्र में तेज बहाव की नदी जैसा नजारा देखने को मिला। यहां दुपहिया वाहनों को सड़क पार करने तक में दिक्कत आई। न्यूरोड पर पानी का बहाव इतना तेज था कि यातायात पुलिस द्वारा सड़क पर रखे गए बैरिकेट्स पानी में बहते नजर आए।दो बत्ती चौराहे से गुजरने वाले दो पहिया वाहन चालकों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। यहां से गुजरने वाले कई दोपहिया वाहन इंजिन में पानी घुस जाने से बन्द हुए। दो बत्ती से बहता पानी न्यूरोड,अजंता टाकिज जैसे इलाकों में भराया। इसी तरह लक्ष्मणपुरा, गांधीनगर पीएनटी कॉलोनी जैसे शहर के निचले इलाकों में पानी भरने की सूचना है। तेज बारिश से नालियां और नाले भी पूरी तरह उफान पर आ गए है।

झमाझम बारिश के कारण लोकेन्द्र टाकीज चौराहा,ब्लड बैैंक के सामने,अलकापुरी चौराहा, घांस बाजार ,चांदनी चौक, चौमुखी पुल आदि स्थानों पर भारी जलजमाव हो गया और लोगों को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा।

झाली तालाब भी हुआ लबालब

गुरुवार दोपहर को हुई तेज बारिश से क्षेत्र में जहां नदी नाले उफान पर आ गए हैं, वहीं शहर का प्रमुख झाली तालाब भी लबालब भर गया है। झाली तालाब में अच्छा पानी आने से उसका नजारा काफी मनमोहक दिखाई दे रहा है।

आज के पहले अब तक मात्र 12 इंच बारिश

आज हुई झमाझम बारिश को छोड दिया जाए तो शहरऔर जिले में पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अभी तक बेहद कम वर्षा रेकार्ड की गई है। मौसम विभाग के आंकडों के मुताबिक बारिश के इस सीजन में अब तक जिले में औसतन मात्र 12 इंच बारिश हुई है। जबकि पिछले साल इसी अवधि में जिले में औसतन 23 इंच बारश रेकार्ड कग गई थी ।विकासखण्ड वार देखा जाए तो गुरुवार सुबह 8 बजे तक सबसे कम बारिश पिपलौदा में 6इंच और सर्वाधिक सैलाना में 16 इंच बारिश रेकार्ड की गई है। इके अलावा रतलाम में 11 इंच,जावरा में 11 इंच,आलोट में दस इंच,ताल में 9 इंच,बाजना में 11 इंच और रावटी में 12 इंच वर्षा दर्ज की गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *