
रतलाम, 31जुलाई(खबरबाबा.काम)। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मी नगर में एक बुजुर्ग दुकानदार पर दादागिरी दिखाने के लिए जानलेवा हमला करने वाले बदमाश और उसके साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने हमले का वीडियो बनवा कर उसे ‘अपुन की दादागिरी’ गाने के साथ सोशल मीडिया पर वायरल भी किया था। बुधवार दोपहर को पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकाला।
जानकारी के अनुसार बदमाश रेहान (22) पिता जफ्फार खान निवासी जूनी कलालसेरी ने सोमवार शाम को शहर के स्टेशन रोड थाना अंतर्गत लक्ष्मीनगर में किराना व्यापारी रमेशचंद्र पोखरना (72) के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया। बदमाश ने हमला करते हुए का वीडियो भी बनवाया और इंस्टाग्राम पर ‘अपुन की दादागिरी’ गाने के साथ पोस्ट किया। बुजुर्ग की रिपोर्ट पुलिस ने जानलेवा हमले का केस दर्ज किया। बताया जा रहा है कि आरोपी कुछ दिन पूर्व ही जानलेवा हमले के मामले में जेल से जमानत पर छूटा था और उसने फिर से अपनी दादागिरी बताने के लिए इस घटना का अंजाम दिया।
घटना के बाद से पुलिस हमला करने वाले व उसके दो साथी जिसमें एक वीडियो बनाने वाला व दूसरा बाइक पर बैठाकर ले जाने वाले की तलाश में थी।
मंगलवार रात को तीनों को अलग-अलग स्थान से पकड़ लिया है। पकड़े गए मुख्य आरोपी का नाम रेहान (22) पिता जफ्फार खान निवासी जूनी कलालसेरी है। इसी ने रॉड से हमला किया था। दूसरा बदमाश रोशन सोलंकी है जिसने वीडियो बनाया। तीसरा बदमाश अमन मीर है जो कि वहां पर बाइक लेकर खड़ा था। हमला करने के बाद तीनों मौके से भाग गए थे। पुलिस ने तीनों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है।
आरोपियों का निकाला जुलूस
घटना स्थल को तस्दीक के लिए पुलिस तीनों आरोपियों को आज पैदल जुलुस निकालकर उसी स्थान पर पहुंची। यहां पर परिजनों व बदमाशों के खिलाफ आक्रोश भी जताया। परिजनों को पुलिस के सामने कहना था कि इनके सिर पर भी 10 टांके आने चाहिए। पुलिस की समझाइश के बाद परिजन शांत हुए। बदमाश कान पकड़कर पुलिस हमारी बाप है, अपराध करना पाप है कहते हुए सिर छुकाते हुए चल रहे थे। दो बदमाशों के मुहं पर काला कपड़ा बांध रखा था। जबकि हमला करने वाला के मुंह कपड़ा नहीं था। पुलिस पैदल ही आरोपियों को कोर्ट लेकर पहुंची।
देखने पर पता चल रहा था कि की पुलिस ने सारी दादागिरी निकाल दी। बदमाश की ऐसी हालात थी कि वह चलने लायक तक नहीं था।



