गत वर्ष की तुलना में इस शैक्षणिक सत्र में जावरा, आलोट, सैलाना क्षेत्र में छूटे बच्चों को शालाओं में प्रवेश दिलवाने के कलेक्टर ने दिए निर्देश

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read

रतलाम 17 जुलाई 2019/ समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बैठक में नवीन शैक्षणिक सत्र में बच्चों के प्रवेश की समीक्षा की। उन्होंने पाया कि गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष के सत्र में जावरा, सैलाना तथा आलोट में कई सारे बच्चे शालाओं में प्रवेश से अब तक छूटे हुए हैं। लगभग 4 हजार 800बच्चे जावरा क्षेत्र में तथा करीब 4 हजार 300बच्चे आलोट क्षेत्र में शालाओं में नामांकित नहीं हो सके हैं। कलेक्टर द्वारा सभी संबंधित एसडीएम को इस संबंध में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शाला जाने योग्य शत-प्रतिशत बच्चों का एडमिशन स्कूलों में एक सप्ताह में करवाने के निर्देश कलेक्टर द्वारा जिला शिक्षा विभाग एवं सहायक आयुक्त जनजाति विभाग के साथ-साथ सभी एसडीएम को दिए गए।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की समीक्षा में बताया गया कि कई पेंशन धारकों को तकनीकी गड़बड़ी से पेंशन भुगतान नहीं हो पा रहा है। इसमें रतलाम नगर निगम क्षेत्र सहित बाजना, पिपलोदा क्षेत्रों के पेंशन धारक सम्मिलित हैं। कलेक्टर द्वारा तकनीकी गड़बड़ियां दूर करने तथा शत-प्रतिशत हितग्राहियों को समय पर पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि जिले के ग्राम भूतिया में बनने वाली गौशाला को आवंटित भूमि पर अतिक्रमण कर लिया गया है। कलेक्टर ने आलोट एसडीएम को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। कलेक्टर द्वारा महाप्रबंधक उद्योग को जिले के सभी विकासखंडों में रोजगार शिविर आयोजन के लिए कैलेंडर तैयार करने के निर्देश दिए गए।

लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन अपलोड करने की समीक्षा भी की गई। जावरा तथा सैलाना सहित जिले के अन्य 4 विभागीय सीडीपीओ को कलेक्टर द्वारा कार्य में प्रगति नहीं लाने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

जिला चिकित्सालय रतलाम में कचरा उठाने के लिए नगर निगम को दिन में दो बार कचरा वाहन भेजने के लिए कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया। इस वाहन के ड्राइवर का मोबाइल नंबर भी डिप्टी कलेक्टर सुश्री शिराली जैन को उपलब्ध कराने के निर्देश मौजूद सहायक यंत्री नगर निगम श्री व्यास को दिए गए। कलेक्टर द्वारा आनंद कॉलोनी की पुलिया के पास मौजूद कचरे के ढेर को भी उठाने के निर्देश नगर निगम को दिए गए।

जिले में चल रहे श्रमिक सत्यापन कार्य में प्रगति नहीं लाने पर नगर निगम को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए। साथ ही जनपद पंचायत रतलाम, बाजना,आलोट में भी प्रगति कमजोर पाए जाने पर कलेक्टर द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश संबंधित नगर पालिका अधिकारियों तथा जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दिए गए।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिले में छात्रवृत्ति के लंबित 8 प्रकरणों में जिला शिक्षा विभाग तथा सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग को समन्वय करके 3 दिन में निराकरण के निर्देश दिए गए।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *