रतलाम-जावरा,11नवम्बर(खबरबाबा.काम)/ पुलिस ने ब्यूटीपार्लर का काम करने वाली एक महिला को अपने पति के साथ दो सौ रुपये का नकली नोट चलाते हुए पकड़ा।दंपति से पूछताछ के बाद पुलिस ने नकली नोट देने वाले एक युवक को भी गिरप्तार किया। पुलिस ने अब इनसे यह पता लगा रही है कि ये नकली नोट कहा से लाये।
जावरा पुलिस ने सोमवार को पत्रकार वार्ता कर बताया कि पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि एक दंपति नकली नोट चलाते है। इस सूचना पर मुखबिर को सक्रिय कर दंपति को रंगे हाथ पकड़ने के लिए पुलिस सक्रिय हुई। आज सूचना पर इस दंपति को जावरा बाजार में नोट चलाते हुए पकड़ा। पुलिस द्वारा इस दंपति से पूछताछ की गई जिसमें इनका नाम सोहेल मंसूरी ओर उसकी पत्नी आफरीन निवासी नीमच पता चला। दोनो से 200 रुपये के दो नोट जब्त किए गए। इनसे की गई पूछताछ के आधार पर आमीन नाम के जावरा निवासी युवक को पुलिस ने पकड़ा। इस युवक से 200 रुपये का एक नोट जब्त किया गया। पुलिस ने दंपति सहित तीनो के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।पुलिस अब इनसे यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ये लोग नकली नोट कहा से लाये थे। पकड़ी गई महिला आफरीन ब्यूटीपार्लर का काम करती है। और वह शादी और अन्य समारोह में यह काम करने जाती है। यह नीमच से जावरा कब आई और क्या इसके पहले भी वह नकली नोट चला चुकी है इन सब सवालों के जवाब के लिए पुलिस इनको रिमांड पर लेकर सख्ती से पूछताछ करेगी।



