रतलाम: जिले के पिपलौदा में मिला विश्व के सबसे आक्रामक, जहरीले और दुर्लभ सांपों में शामिल रसल वाइपर, बिना संसाधन के सर्प प्रेमी ने पकड़ कर बचाया

indresh98kumar@gmail.com
4 Min Read

रतलाम,21नवम्बर(खबरबाबा.काम)/ जिले के पिपलौदा क्षेत्र से विश्व के सबसे जहरीले और दुर्लभ प्रजाति के एक सांप का रेस्क्यू किया गया है। जिस सांप के जहर की एक बूंद भी खतरनाक हो सकती है, यह जानते हुए भी इस गुस्सैल सांप को पिपलौदा के गणेश मालवीय ने बिना किसी उपकरण या संसाधन के पकड़ कर बचाया है। सांप को बचाने के बाद श्री मालवीय ने वन विभाग को इसकी सूचना दी और फिर उसे विभाग के देखरेख में छोड़ा गया।


गणेश मालवीय ने बताया कि बुधवार रात करीब 8.30 बजे पिपलौदा में चमन गली के समीप से रहवासियों ने उन्हें सूचना दी कि पास ही अधिवक्ता रमेश जैन के घर में अजीब प्रकार का सांप घुसा हुआ है ,जो कमरे में किसी के भी जाने पर डरने के बजाय आक्रामक होकर हमला करने की कोशिश कर रहा है। श्री मालवीय ने उन्हें सांप से दूर रहने और उसे नुकसान नहीं पहुंचाने को कहा और तुरंत उनके घर पहुंच गए। उन्होंने पाया कि यह सांप विश्व के सबसे जहरीले और आक्रामक सांपों में से एक रसल वाईपर है और लगातार लोगों द्वारा आसपास होने से गुस्से में था। इसके बाद मालवीय ने सभी को बाहर और दूर जाने के लिए कहा तथा सीढ़ियों के नीचे स्टोर रूम में छुपकर बैठे सांप को पकड़ने की कोशिश की, जिसमें कई मिनटों तक मेहनत के बाद वे कामयाब हो गए। उन्होंने जब सांप का मुंह अपने हाथ में ले लिया तब भी सांप ने आक्रमण नहीं छोड़ा और पूंछ और शरीर को कलाई पर एंठने की भी कोशिश करता रहा। जैसे तैसे उन्होंने सांप को सुरक्षित कपड़े की थैली में बंद कर दिया।
लगभग 3 फीट से ज्यादा लंबा है सांप…
श्री मालवीय और राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित उनका बेटा समर्पण भी सालों से सांपों को जीवित पकड़कर उनके रेसक्यू के लिए काम कर रहे हैं। जिस रसल वाइपर को उन्होंने गुरुवार को रहवासियों की मदद से पकड़ा था वह 3 फीट से भी ज्यादा लंबा और बहुत भारी था। सांप के मुंह में करीब डेढ़ इंच 4 दांत थे और इसकी गोलाई करीब 3 इंच थी। सांप के बारे में पिपलौदा में वनपाल विवेकसिंह राठौर को सूचना मिलने पर वे भी पंहुचे और उसका परीक्षण करने के बाद उसे दूर जंगल में ले जाकर छोड़ा गया।
कितना खतरनाक है यह सांप
1.सर्प विशेषज्ञों के अनुसार रसल वायपर दक्षिण पूर्व एशिया, दक्षिण चीन, ताइवान और मध्यप्रदेश में पाया जाता है। 4 फीट 1 इंच के इस सांप का सिर चपटा होता है। जिस हिस्से पर काटता है वो हिस्सा सड़ जाता है।
2. भारत के सभी सांपों में सबसे विषैला सांप रसल वाइपर ही है। रसेल वाइपर सांप को हर साल होने वाली हजारों मौतों के लिए ज़िम्मेदार माना जाता है।यह 4 फुट की औसत लंबाई के साथ भारत के चार सबसे खतरनाक सांपों में सबसे छोटा लकिन सबसे ख़तरनाक है।
3.रसल वाइपर बहुत जहरीला सांप होता है। इसके काटने से खून की नलियां जगह-जगह पंक्चर हो जाती है। सबसे पहले इसका असर नाजूक अंगों किडनी, हार्ट व फेफड़े की खून की नलियों पर पड़ता है।
4.यह सांप भारत का सबसे घातक सांप है। यह बेहद गुस्सैल सांप बिजली की तेज़ी से हमला करने में सक्षम है। इसके काटने की वजह से भारत में हर साल लगभग 25,000 लोगों की मौत हो जाती है।
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *