नगर निगम प्रशासक का पदभार ग्रहण करने के पश्चात पहले ही दिन कलेक्टर ने ली मैराथन बैठक,प्रॉपर्टी मार्किंग के लिए टेंडर जारी होगें, बड़े बकायादारो को नोटिस जारी कर वसूली अन्यथा संपत्ति कुर्क करने के निर्देश

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read

रतलाम,2जनवरी(खबरबाबा.काम)/नगर निगम रतलाम के प्रशासक का पदभार ग्रहण करने के पश्चात पहले ही दिन कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा नगर निगम के अमले के साथ मैराथन बैठक लेकर नगर निगम के कार्यों, योजनाओं, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, आगामी कार्य योजना, निर्माण कार्यों इत्यादि की विस्तृत समीक्षा की जाकर आगामी कार्यों हेतु दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में निगमायुक्त श्री एस.के. सिंह सहित नगर निगम के प्रमुख इंजीनियर, अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि नगर निगम द्वारा अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट के तहत निर्मित करवाए गए 100 आवासों में हितग्राहियों को गृह प्रवेश करवाया जाए। यह हितग्राही मुखर्जी नगर तथा डोसी गांव क्षेत्र में निर्मित कराए गए आवासों में शिफ्ट किए जाएंगे। इसके लिए ऋण दिलवाने की कार्रवाई एवं अन्य औपचारिकता तत्काल पूरी करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। हितग्राहियों का गृह प्रवेश जारी जनवरी माह में होगा, इसमें वर्तमान में निवासरत अजंता टॉकीज रोड तथा शिवशक्ति नगर के हितग्राही सम्मिलित हैं। नगर निगम द्वारा वसूले जाने वाले करो की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बड़े बकायादारो को सूचीबद्ध किया जाकर नोटिस जारी किये जाएं, राशि वसूली हो अन्यथा की दशा में संपत्ति कुर्क की जाए। संपत्ति कर तथा अन्य कर वसूली के लिए नगर निगम कैंप आयोजित करें। कलेक्टर ने निगमायुक्त को निगम के पूर्व चुंगी नाकों, प्रवेश कर वसूली स्थानों की भूमि की पड़ताल करने के भी निर्देश दिए। यदि भूमि पर अन्य व्यक्तियों का कब्जा है तो उनको हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
सफाई कर्मचारियों की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इन कर्मचारियों के लिए सफाई उपकरण, वर्दी, बीमा सेवाएं समय सीमा में उपलब्ध कराई जाएं। सुरक्षा उपकरण मुहैया कराए जाएं, सफाई कर्मचारियों की प्रतिदिन हाजिरी ली जाए। स्वास्थ्य अधिकारी श्री सिंह को निर्देश दिए कि शाम 4:00 बजे तक नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की प्रतिदिन हाजिरी शीट प्रस्तुत करेंगे। नगर निगम कार्यों के लिए आवश्यकता अनुसार ट्रैक्टर तथा अन्य वाहनों की खरीदी के लिए भी कलेक्टर ने निर्देश दिए। ट्रिपल एसएम आईडी कार्य में गुणवत्ता तथा तेजी लाने के लिए कलेक्टर ने संबंधित ऑपरेटर्स को बुलाकर जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिए कि डाटा सुधार तथा अन्य विसंगतियों समस्याओं का निदान त्वरित गति से किया जाए।
कलेक्टर द्वारा नगर में प्रॉपर्टी मार्किंग के लिए टेंडर जारी करने के निर्देश दिए गए ताकि नवीन प्रोपर्टी चिन्हित की जा सके। बैठक में नगर निगम की राजस्व प्राप्ति, स्थापना खर्च आदि बिंदुओं पर भी विस्तार से समीक्षा की जाकर आवश्यक निर्देश निगम अधिकारियों को दिए गए। बैठक के बाद कलेक्टर द्वारा नगर निगम कार्यालय का निरीक्षण जाकर भवन के आवश्यक स्थानों पर वाटर प्रूफिंग करने, कर्मचारियों एवं आगंतुको को उचित बैठक व्यवस्था एवं उचित ढंग से रिकार्ड संधारण के निर्देश दिए गए।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *