रतलाम 10 जनवरी 2020/ समाधान एक दिवस योजना ने आम आदमी को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने की समस्या से मुक्त कर दिया है, अब उसे उसकी वांछित सेवा आवेदन दिवस पर ही मिल रही है। रतलाम जिले में समाधान एक दिवस योजना का लाभ अब तक 2 लाख 71 हजार से भी ज्यादा व्यक्ति लाभ उठा चुके हैं। विभिन्न विभागीय सेवाएं अब उसी दिन मिल जाती है, जिस दिन व्यक्ति आवेदन देता है।
डेरी अंबोदिया तहसील रतलाम के रहने वाले बसंतीलाल अमलियार को अपने निजी कार्य के लिए आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। उन्होंने विगत 9 जनवरी को रतलाम ग्रामीण लोक सेवा केंद्र पर आकर आवेदन दिया। आवेदन उसी दिन निराकृत कर बसंतीलाल को आय प्रमाण पत्र प्रदान कर दिया गया। हतनारा के रहने वाले राधेश्याम को अपने भूमि के नक्शे की आवश्यकता थी। उन्होंने भी 9 जनवरी को सुबह 10:30 बजे आकर लोक सेवा केंद्र रतलाम पर आवेदन दिया था। राधेश्याम को भी उसी दिन अपना नक्शा मिल गया। इस प्रकार रतलाम ग्रामीण तथा रतलाम शहर के लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से महीने भर में औसतन 5 से 6 हजार आवेदक समाधान एक दिवस योजना का लाभ उठा रहे हैं।
समाधान एक दिवस योजना के तहत विभिन्न शासकीय विभागों की 38 सेवाओं का लाभ आम आदमी को दिया जा रहा है। इनमें सामान्य प्रशासन विभाग की 3, गृह विभाग की 4, राजस्व विभाग की 9, परिवहन विभाग की 3, लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग की 1, नगरीय प्रशासन की 1, सामाजिक न्याय विभाग की 14, तकनीकी शिक्षा कौशल विकास एवं रोजगार की 2 सेवाएं सम्मिलित हैं। समाधान एक दिवस के तहत विभिन्न सेवाएं आवेदकों को जिले में 9 लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से दी जा रही हैं।


