राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह में यातायात शिक्षा की जानकारी दी, पैदल रैली आयोजित

indresh98kumar@gmail.com
4 Min Read

रतलाम 12 जनवरी 2020/ राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत शहर के सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल में 300 से ज्यादा विद्यार्थियों को यात्रा शिक्षा की जानकारी दी गई। इस अवसर पर पैदल रैली आयोजित की गई। यातायात नियम का उल्लंघन करने वालों के साथ ही नियमों का पालन करने वालों को गुलाब के फूल दिए गए। वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण किया गया, दो पहिया वाहन रैली आयोजित हुई। 11 जनवरी से 17 जनवरी तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है।

पुलिस उप महानिरीक्षक श्री गौरव राजपूत तथा पुलिस अधीक्षक श्री गौरव तिवारी के निर्देशन में आयोजित किए जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत 13 जनवरी को औपचारिक रूप से सड़क सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ स्थानीय काला घोड़ा चौपाटी पर होगा।

डीएसपी ट्रैफिक श्री विलास वाघमारे ने बताया कि 12 जनवरी को भी यातायात शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए सभी थाना क्षेत्र अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 11 जनवरी को शहर के सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल में विद्यार्थियों को यातायात शिक्षा की जानकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुनील पाटीदार, विलास वाघमारे, थाना प्रभारी यातायात कटारा, यातायात सूबेदार मोनिकासिंह ठाकुर द्वारा दी गई। इस दौरान स्कूल के 9 विद्यार्थियों ने यातायात जागरूकता कार्यक्रम हेतु स्वेच्छा से अपना नामांकन करवाया। 11 जनवरी को यातायात शिक्षा के बारे में जागरूकता हेतु काला घोड़ा चौपाटी से दो बत्ती चौराहे तक स्काउट-गाइड कैडेट्स द्वारा पैदल रैली निकाली गई जिसमें यातायात थाने का पूरा स्टाफ शामिल था। पैदल रैली समापन बाद दो बत्ती चौराहे पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, पालन करने वालों जैसे सीट बेल्ट लगाने वाले, हेलमेट लगाने वाले वाहन चालकों को गुलाब का फूल दिया गया।

पुलिस कंट्रोल रूम, सैलाना टोल बैरियर पर लोक परिवहन टैक्सी, मैजिक, ऑटो रिक्शा चालकों का नेत्र परीक्षण डॉक्टर ऋशेंद्रसिंह द्वारा किया गया। इस दौरान यातायात थाने से सूबेदार सुमित्रा सोलंकी तथा सहायक उपनिरीक्षक हीरालाल चंदन उपस्थित रहे। नेत्र परीक्षण में डेढ़ सौ से ज्यादा वाहन चालकों का परीक्षण किया गया। इनमें से 20 चालकों में दृष्टिदोष पाया गया जिन्हें डॉक्टर द्वारा अग्रिम चेकअप तथा उपचार की सलाह दी गई। परीक्षण शिविर में डॉ. संजय दीक्षित मेडिकल कॉलेज तथा अंगदान समिति के श्री गोविंद काकानी का सहयोग रहा। इसी प्रकार माननखेड़ा टोल टैक्स बैरियर पर एसडीओपी जावरा श्री डी.आर. माले, चौकी प्रभारी बृजेंद्र छाबरिया, माननखेड़ा चौकी स्टाफ की उपस्थिति में नेत्र परीक्षण सहायक श्री श्याम कुमावत, श्री दीपक राठौड़ ने 50 से ज्यादा वाहन चालकों का परीक्षण किया। इनमें से 8 लोगों को मोतियाबिंद ऑपरेशन की सलाह दी गई।

इसी प्रकार 11 जनवरी को दोपहिया वाहन रैली आयोजित की गई जिसमें यातायात थाने के 30 से ज्यादा वाहन चालकों द्वारा वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने तथा दो पहिया वाहन पर दो से अधिक सवारी नहीं बिठाने का संदेश प्रसारित किया गया। वाहन रैली चौपाटी से आरंभ होकर छत्रीपुल, नगर निगम, कॉलेज, नाहरपुरा चौराहा, डालुमोदी बाजार, घास बाजार, चौमुखीपुल, चांदनीचौक, तोपखाना, हरदेवलाला पीपली, आबकारी चौराहा, शहीद चौक, शहर सराय, सैलाना बस स्टैंड चौराहा, पावर हाउस रोड, दो बत्ती चौराहा, फ्रीगंज रोड, दिलबहार चौराहा, टीआईटी रोड, काला घोड़ा चौपाटी पर समाप्त हुई। सप्ताह के दौरान 12 जनवरी को भी कार्यक्रम आयोजित होंगे, कार्यक्रम आगामी 17 जनवरी तक चलेंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *