सहायक अध्यापिका से रुपयों और आभूषण से भरा पर्स छिनकर भागे बदमाश, घर के बाहर बाइक से उतरते ही बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read

रतलाम, 18 फरवरी(खबरबाबा.काम)। जिले में लगातार हो रही चोरी, वाहन चोरी और लूट की वारदाते अब आम आदमी में भय पैदा कर रही है। मंगलवार को जावरा में दिनदहाड़े एक महिला से बाइक सवार बदमाश रुपयों और आभूषण से भरा बैग छिन कर ले गए। महिला सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत है।
जानकारी के अनुसार लूट की यह वारदात जावरा के मोहन परिसर निवासी श्रीमती साधना राठौर के साथ हुई। थाना बड़ावदा के प्राथमिक विद्यालय मिडली में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत श्रीमती राठौर मंगलवार दोपहर को पति कृष्णकुमार राठौर के साथ मोटर साइकल पर स्टेशन रोड जावरा स्थित बैंक पर रुपए निकालने आई थी। करीब सवा एक बजे श्रीमती राठौर ने चेक से रुपए निकाले और पर्स में रखकर पति के साथ मोटर साइकल से खाचरोद रोड स्थित मोहन परिसर जाने के लिए निकली। श्रीमती राठौर द्वारा पुलिस में की गई शिकायत के अनुसार मोहन परिसर में घर के सामने बाइक से उतरते ही पिछे से बाइक पर दो लड़के आए और पर्स छिनकर भाग निकले। श्रीमती राठौर ने शोर मचाया और पति कृष्णकुमार राठौर ने बाइक से बदमाशों का पीछा किया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। महिला के अनुसार पर्स में 50 हजार रुपए नगद, एक सोने का मंगलसूत्र, एक मोबाइल, घर और स्कूल की चाबियां एवं अन्य दस्तावेज थे। महिला की शिकायत पर जावरा पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *