मुख्यमंत्री की कार्रवाई: फोन पर छात्रों को अभद्र भाषा बोलने पर सीएम शिवराज ने झाबुआ एसपी को किया सस्पेंड

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read

भोपाल,19सितंबर(खबरबाबा.काम)।मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के एसपी अरविंद तिवारी का एक ऑडियो वायरल हो गया है। इसमें वह पुलिस सुरक्षा मांगने आए पॉलीटेक्निक छात्रों के साथ अभद्र भाषा में बात कर रहे थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस पर सख्ती बरतते हुए सुबह उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए थे। बाद में ऑडियो की जांच के बाद सीएम ने एसपी को निलंबित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को नियमित समीक्षा बैठक में कहा कि झाबुआ एसपी को तत्काल हटाइए। जिस भाषा में वह बात कर रहे हैं, वह अशोभनीय हैं। बच्चों के साथ कोई इस तरह कैसे बात कर सकता है? उन्हें तत्काल इसी क्षण निलंबित किया जाए।

दरअसल, एक ऑडियो सामने आया है। इसमें पॉलीटेक्निक कॉलेज का एक छात्र दावा करता है कि कॉलेज लड़ाई हो गई है। कुछ लोग मार रहे हैं। हम 40 छात्र थाने आए हैं। हमें सुरक्षा दी जाए। दूसरा पक्ष डंडे एवं अन्य हथियारों के साथ हमला कर सकता है। हमारी जान को खतरा है। इस पर गुस्साए एसपी ने उनसे कहा कि तुम लोग पढ़ाई करने आते हो कि मारपीट करने। इसके बाद उन्होंने गाली-गलौज भी की। साथ ही सभी छात्रों को अंदर करने की धमकी दी। कहा कि उससे अच्छी सुरक्षा कहीं और नहीं मिल सकती। यह भी कहा कि चालीस बच्चे हैं तो क्या, सबको अंदर कर देंगे।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अरविंद तिवारी को पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक पद पर स्थानांतरित करने के आदेश जारी हो गए । बाद में सीएम ने उन्हें निलंबित करने के निर्देश जारी कर दिए।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *