महात्मा गांधी की सहनशीलता हमें विपरीत परिस्थितियों से लड़ना सिखाती है, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कॉमर्स कॉलेज में महात्मा गांधी स्तंभ का अनावरण किया

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read

रतलाम 30 जनवरी 2020/ शहीद दिवस 30 जनवरी के अवसर पर रतलाम के शासकीय विवेकानंद कॉमर्स कॉलेज में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने महात्मा गांधी स्तंभ का अनावरण किया। इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि महात्मा गांधी की सहनशीलता हमें विपरीत परिस्थितियों में लड़कर जीतना सिखाती है। इस अवसर पर कालेज प्राचार्य, प्राध्यापक तथा विद्यार्थीगण उपस्थित थे।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि आज के युग में धैर्य और सहनशीलता का अभाव होता जा रहा है। आज का विद्यार्थी छोटी-छोटी विपरीत परिस्थितियों से विचलित होकर गलत कदम उठा लेता है। अपने पेरेंट्स या शिक्षक की किसी भी बात पर विचलित होकर विद्यार्थी गलत दिशा में चले जाते हैं, ऐसी स्थिति में हमें महात्मा गांधी की सहनशीलता यह सिखाती है कि प्रतिकूल परिस्थिति में भी किस प्रकार अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए धैर्यवान रहना चाहिए। जिस तरह महात्मा गांधी ने देश के स्वतंत्रता संग्राम में आजादी के लिए नेतृत्व किया था, वह प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिकूल परिस्थिति से लड़ना और जूझना सिखाता है। स्वतंत्रता संग्राम में महात्मा गांधी का योगदान और उनके मूल्य सदैव याद रखना चाहिए। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से कहा कि अपने लक्ष्य को पाने के लिए पूर्ण समर्पण और मेहनत के साथ जुट जाएं सफलता जरूर मिलेगी। इसके पूर्व कलेक्टर ने महात्मा गांधी स्तंभ का अनावरण किया तथा श्रद्धांजलि अर्पित की।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *