
रतलाम,21अक्टूबर(खबरबाबा.काम)। पांच दिवसीय दीपोत्सव पर्व कल 22 अक्टूबर धनतेरस से शुरू होने वाला है। इसके पूर्व शुक्रवार शाम को एसपी अभिषेक तिवारी यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को परखने प्रमुख बाजारों में पैदल भ्रमण पर निकले।

त्योहार पर भीड़ को देखते हुए प्रमुख बाजारों में आज से रतलाम पुलिस ने कई क्षेत्र को नो व्हीकल जोन कर दिया है। वहीं कई क्षेत्रों में चार पहिया और यात्री वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। यातायात सुगम रहे और आम जनता को परेशानी ना हो इसको लेकर पुलिस ने जो व्यवस्था लागू की है उसके निरीक्षण के लिए एसपी अभिषेक तिवारी आज शाम को पैदल बाजार में निकले।

उनके साथ माणक चौक थाना प्रभारी एसआई अनुराग यादव भी मौजूद थे। एसपी श्री तिवारी माणकचौक, डालू मोदी बाजार, धनजीभाई का नोहरा, नोलाई पूरा सहित अन्य क्षेत्रों में गए और व्यवस्था को देखा। एसपी ने भीड़ बढ़ने पर पहले से ही वाहन निर्धारित पार्किंग पर रोकने के निर्देश दिए। वही भीड़ कम होने पर व्यवस्था में ढील देने के लिए भी कहा।

सुरक्षा व्यवस्था भी होगी सख्त
एसपी अभिषेक तिवारी ने त्यौहार को देखते हुए बाजार में सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त करने के निर्देश दिए हैं। खासकर माणक चौक स्थित प्रसिद्ध श्री महालक्ष्मी मंदिर जहां नोटों की सजावट की गई है, और चांदनी चौक क्षेत्र में सिविल ड्रेस में भी पुलिस जवान तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

एसपी अभिषेक तिवारी ने जावरा में हुई चोरी की घटना के बाद व्यापारियों से भी सतर्कता बरतने की अपील की है।





