रतलाम: बदमाशों के हौंसले सातवें आसमान पर, बीती रात दो स्थानों पर लूट की वारदातें

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
|

रतलाम,2नवम्बर(खबरबाबा.काम)। बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शहर के आसपास के क्षेत्रों में वारदात करने से भी बदमाश नहीं चूक रहे हैं। बीती रात बदमाशों ने लूट की दो वारदातों को अंजाम दे दिया। एक वारदात बंजली बायपास की है, जहां अपनी मंगेतर के साथ जा रहे युवक पर हमला कर बदमाशों ने उसे लूट लिया तो दूसरी वारदात नामली क्षेत्र में हुई।

जानकारी के अनुसार बंजली बाईपास के पास हुई वारदात कस्तूरबा नगर निवासी इप्का कंपनी के जूनियर ऑफिसर देवेश गोयल 39 वर्ष के साथ हुई। बीती रात करीब 9 बजे वह अपनी मंगेतर के साथ बंजली बायपास पास पर स्थित एक होटल पर खाना खाने जा रहे थे। रास्ते में पुलिस लाइन और होटल के बीच में एक बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उनकी एक्टिवा के आगे अपनी बाइक लगाकर रोका और हमला कर दिया। बदमाशों ने श्री गोयल की मंगेतर का पर्स छीन लिया। उसमें करीब एक हजार रुपए और अन्य सामान थे। बदमाशों ने एक्टिवा की चाबी लगाकर उसकी डिक्की खोली और थैली में रखे 13 हजार रुपए निकालकर ले गए। देवेश ने वारदात के बाद एक्टिवा से रेलवे फाटक तक बदमाशों का पीछा भी किया लेकिन मारपीट में घायल होने के बाद वो ज्यादा दूर तक नहीं जा सके और वापस होटल आ गए। बाद में वे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।

नामली में बदमाश युवक से बाइक, मोबाइल और रुपए लूट कर ले गए

रतलाम। नामली में भी अज्ञात बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दे दिया।

जानकारी के अनुसार नामली निवासी अनिल पिता शिवनारायण 35 वर्ष रात में अपनी बाइक पर जावरा की ओर से आ रहा था। रास्ते में फुलवारी होटल के आगे महू नीमच रोड पर अनिल लघुशंका के लिए रुका। इसी दौरान तीन अज्ञात बदमाश मौके पर आए और चाकू दिखाकर अनिल से उसकी बाइक, उसके पास रखे रुपए और मोबाइल लूट कर ले गए। वारदात के बाद फरियादी ने पुलिस को सूचना दी। एसपी अभिषेक तिवारी के निर्देश पर इस मामले में पुलिस ने धारा 392 के तहत लूट का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *