
रतलाम,15नवम्बर(खबरबाबा.काम)। मंगलवार दोपहर को जिले के धराड में सांसद गुमान सिंह डामोर और विधायक दिलीप मकवाना के काफिले को भीड ने रोक लिया और नारेबाजी करते हुए घेराव करने लगे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों जनप्रतिनिधियों के काफिले को मौके से रवाना किया।
रतलाम के धराड़ में कुछ लोगों ने सांसद गुमान सिंह डामोर और विधायक दिलीप मकवाना के काफिले को रोक कर जमकर हंगामा किया। दरअसल सांसद और विधायक बिरसा मुंडा जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रतलाम पहुंच रहे थे। इसी दौरान धराड़ गांव में जयस कार्यकर्ताओं की रैली निकल रही थी। सांसद गुमान सिंह डामोर और विधायक दिलीप मकवाना के काफिले को देखकर अचानक रैली में शामिल भीड़ ने काफिले को रोककर घेराव कर दिया। भीड़ ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।
हंगामा बढ़ने कि सूचना मिलने पर कलेक्टर और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घेराव और नारेबाजी कर रहे लोगों को हटाया और सांसद एवं विधायक के काफिले को कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना किया। बहरहाल बिलपांक थाना पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।



