रतलाम: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की इंदौर यात्रा से पहले मिला धमकी भरा पत्र, लिफाफे पर शहर विधायक का नाम,शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा- इंदौर में मिला धमकी भरा पत्र मुझे बदनाम करने का षड़यंत्र

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
|

रतलाम,18नवम्बर(खबरबाबा.काम)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के मध्य प्रदेश में प्रवेश से पहले इंदौर में एक धमकी भरा पत्र मिला है, जिसमें बम धमाके करने की धमकी मिली है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। इस पत्र में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को भी गोली मारने की धमकी दी गई है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 20 नवंबर को मध्यप्रदेश में शुरू होने वाली थी। उनके गुजरात दौरे की वजह से यह कार्यक्रम दो दिन टल गया और अब मध्यप्रदेश में उनकी यात्रा 23 नवंबर को शुरू होगी। इसके पहले एक पत्र सामने आया है।

पत्र में लिखा है कि नवंबर माह के आखिरी में इंदौर में जगह-जगह भयानक बम विस्फोट होंगे। बम विस्फोटों से पूरा इंदौर दहल उठेगा। बहुत जल्दी ही राहुल गांधी की इंदौर यात्रा के समय कमलनाथ को भी गोली मार दी जाएगी। पत्र में आगे लिखा है कि राहुल गांधी को भी राजीव गांधी के पास भिजवाया जाएगा।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इंदौर के एडिशनल डीसीपी प्रशांत चौबे ने बताया कि गुरुवार शाम को जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में एक पत्र मिला था। एक व्यापारिक प्रतिष्ठान पर यह धमकी भरा पत्र आया था। इसे पुलिस गंभीरता से ले रही है। मुकदमा कायम हुआ है। यह पत्र पोस्ट ऑफिस से आया था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का इस पर कहना है कि यात्रा को सुरक्षा देना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। इस मामले में मैं मुख्यमंत्री से मिल चुका हूं। सुरक्षा का मामला पुलिस को देखना है। पूरी सुरक्षा पुलिस-प्रशासन के हाथ में है।

पत्र पर लिखा है विधायक का नाम

इस पत्र पर रतलाम के भाजपा विधायक चेतन्य काश्यप का नाम भेजने वाले के तौर पर लिखा गया है। निवास-स्टेशन रोड रतलाम लिखा गया है। यह पत्र डाक से भेजा गया है, जिस पर डाक विभाग का स्टाम्प भी लगा हुआ है।

इंदौर में मिला धमकी भरा पत्र मुझे बदनाम करने का षड़यंत्र -विधायक चेतन्य काश्यप

रतलाम। सोश्यल मीडिया से इंदौर में धमकी भरा पत्र मिलने और उसके लिफाफे पर मेरा नाम लिखा होने की जानकारी मिली।ऐसे किसी पत्र से मेरा कोई लेना देना नहीं है। यह मुझे बदनाम करने षड़यंत्र है।

यह बात शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने मीडिया को जारी बयान में कही।उन्होंने बताया कि वे मुंबई प्रवास पर है। सोश्यल मीडिया से इंदौर में धमकी भरा पत्र और उसके लिफाफे पर उनका नाम लिखने के षड़यंत्र की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल रतलाम एसपी और इंदौर पुलिस कमिश्नर से चर्चा की। श्री काश्यप ने बताया कि उन्होंने इस मामले की उच्च स्तरीय जाँच कराने और तत्काल षड़यंत्रकारी को पकड़कर उसके खिलाफ कठोर कार्यवाही करने की मांग की है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *