रतलाम: अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अमले के साथ सड़क पर उतरे कलेक्टर, कई दुकानदारों और सड़क पर खड़े वाहनों के चालान बनवाए, मुहिम त्रिपोलिया गेट से चांदनी चौक की ओर रवाना

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
||

रतलाम,29नवम्बर(खबरबाबा.काम)। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए सड़क पर उतर गए। मंगलवार दोपहर को अपने अमले के साथ कॉलेज रोड पहुंचे जहां से पैदल कलेक्टर ने सड़क पर घूमते हुए किनारे पर खड़े वाहनों को जप्त करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने वहां संचालित होने वाले अस्पताल बैंक और अन्य कार्यालयों को भी निर्देशित किया कि पार्किंग स्थल की व्यवस्था की जाए। कलेक्टर नौलाई पूरा होते हुए माणक चौक पहुंचे। माणक चौक में दुकानदारों का अत्याधिक अतिक्रमण देखकर कलेक्टर ने व्यंगात्मक लहजे में हाथ जोड़ते हुए दुकानदारों से कहा कि जो सड़क छोड़ी है उस पर भी सामान रखकर पूरी तरह ही अतिक्रमण कर लो।

कलेक्टर ने अपने अमले को निर्देशित किया कि सभी अतिक्रमण कर्ताओं का तत्काल चालान काटा जाए और सामान जप्त करने की कार्यवाही भी की जाए। जिसके बाद 20 से भी ज्यादा दुकानदारों के चालान काटे गए।

इस दौरान सड़क किनारे पर खड़े हुए चार पहिया और बेतरतीब खड़े दोपहिया वाहनों पर चालानी कार्यवाही भी की गई। खास बात यह रही कि सड़क किनारे जिन वाहनों पर मध्यप्रदेश शासन लिखा हुआ था उन पर कलेक्टर ने प्राथमिकता से कार्यवाही करवाई।

कलेक्टर ने कहा कि यदि शासकीय आमला खुद ही नियमों का पालन नहीं करेगा तो वह शहर में आम जनता से नियम पालन करने की अपेक्षा नहीं कर सकता है। कलेक्टर के साथ इस दौरान नगर निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट भी मौजूद थे जिन्हें कलेक्टर ने सभी अतिक्रमण कर्ताओं पर लगातार कार्यवाही के निर्देश दिए।
माणक चौक क्षेत्र में एक दुकान पर बच्चे से काम करवाते हुए पाए जाने पर कलेक्टर ने बाल श्रम कानून के तहत अलग से कार्यवाही दर्ज करवाई।

कलेक्टर अपने अमले के साथ साहू बावड़ी होते हुए सायर चबूतरा पहुंचे। जहां पर भी अतिक्रमण और नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर चालानी कार्यवाही की गई। शिक्षा विभाग के सामने नाले पर बनाई गई दुकानों को हटाने के निर्देश दिए कलेक्टर ने दिए। कलेक्टर सहीत प्रशासनिक अमला त्रिपोलिया गेट होते हुए चांदनी चौक की ओर आगे बढ़ रहा है। कार्रवाई के दौरान निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट, एएसपी सुनील पाटीदार, सीएसपी हेमंत चौहान, थाना प्रभारी किशोर पाटनवाला, राजेंद्र वर्मा पुलिस बल एवं निगम अमला मौजूद था।

जब मवेशी ने रोका कलेक्टर सहित अमले का रास्ता

कलेक्टर सहित प्रशासनिक अमला जब संत रविदास चौराहे से आगे बढ़ा तो सड़क पर घूम रहे एक मवेशी ने पूरा अमले का रास्ता रोक लिया। इस दौरान कलेक्टर सहित अमला मवेशी से बचने की कोशिश करता रहा। 2 मिनट के प्रयास के बाद अमला आगे बढ़ सका।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *