रतलाम: पिता-बेटे पर तलवार और लट्ठ से जानलेवा हमला, 7 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास,बलवा सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read
||

रतलाम,6दिसम्बर(खबरबाबा.काम)। आधा दर्जन से ज्यादा लोगों ने एकमत होकर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला कर दिया। तलवार और लट्ठ के हमले से दोनों घायल हो गए। गंभीर हालात में अस्पताल लाया गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास और बलवे का अपराध कायम कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

घटना कल शाम साढ़े छह बजे के लगभग जिले के आलोट की है। आलोट पुलिस ने महेश कुमावत, शंकरमंदिर रोड आलोट की रिपोर्ट पर धरोला के सात लोगों के खिलाफ एकमत होकर जान से मारने की नीयत से तलवार व लट्ठ से जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया है।

फरियादी महेश पिता राधेश्याम के साथ खेत पर जा रहा था कि तभी रास्ते में आरोपियों का सामना हो गया। पिता- पुत्र को देखते ही आधा दर्जन से ज्यादा लोग एकमत होकर उन पर टूट पड़े। तलवार और लट्ठ से जानलेवा हमला कर दिया जिससे दोनों गंभीर घायल हो गए। पता चलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। दोनों को इलाज के लिए आलोट अस्पताल ले जाया गया। हालात गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार कर दोनों को रतलाम रैफर कर दिया।

प्रारंभिक तौर पर हमले की वजह जमीन विवाद सामने आया है। पुलिस मुलजिमों की तलाश कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *