रतलाम: जिला अस्पताल में मरीज के परिजनों द्वारा चिकित्सक के साथ मारपीट, स्टेशन रोड थाने में प्रकरण दर्ज, चिकित्सक और अस्पताल स्टाफ ने काम बंद कर नारेबाजी की, एसडीएम से चर्चा के बाद काम शुरू

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
|

रतलाम,9दिसम्बर(खबरबाबा.काम)। शुक्रवार सुबह मरीज को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे परिजन जांच की बात को लकेर नाराज हो गए। कुछ युवक ईसीजी रूम पर तैनात महिला कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार कर विवाद करने लगे। शोर सुनकर अस्पताल के कर्मचारी और डाक्टर जब समझाने गए तो युवकों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार कर हाथापाई की। इस घटना के बाद अस्पताल के डाक्टर और कर्मचारियों ने नाराज होकर काम बंद कर दिया।

काम बंद करने से पहले डाक्टर और कर्मचारी स्टेशनरोड थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। अस्पताल के डा. विपीन कुमार की रिपोर्ट पर स्टेशनरोड थाना पुलिस ने मध्यप्रदेश चिकित्सक या चिकित्सा से संबंधित व्यक्तियों की सुरक्षा अधिनियम 2008 के तहत धारा 3/4, 332 के अलावा शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में अपराध कायम कर लिया है।

सरकारी अस्पताल में मेडिकल ऑफीसर के पद पर पदस्थ फरियादी डा. विपीन कुमार ने पुलिस को बताया कि घटना सुबह साढ़े आठ बजे के लगभग की है। कुछ लोग डालुमोदी बाजार निवासी मरीज को इलाज के लिए अस्पताल लेकर आए थे। डाक्टर प्रवण मोदी ने मरीज को चैक किया। इलाज की पर्ची बनाकर परिजनों को बी.पी. तथा ईसीजी की जांच कराने को कहा गया था। मरीज को परिजन ईसीजी वार्ड में लेकर गए। जहां तैनात स्टाफ नर्स के साथ कुछ लोग मरीज की जांच के नाम पर गालीगलौज कर अभद्र व्यवहार करने लगे और कहने लगे कि जांच सही करो। युवकों की इस तरह की हरकत को देख जब समझाने गए तो कुछ लोग उनके साथ भी हाथापाई करने लगे।

फरियादी ने उन्हें समझाने की कोशिश कर बीच बचाव किया तो धक्कामुक्की कर मारपीट करने लगे। इस दौरान डाक्टर प्रणव मोदी और अन्य स्टॉफ के लोग भी आ गए लेकिन वे नहीं माने और शासकीय कार्य नहीं करने देकर शासकीय कार्य में बाधा पैदा की। जब स्टॉफ के अन्य लोगों ने बीच बचाव किया तो धमकी दी।

मरीज के साथ आए युवकों की इस हरकत के बाद अस्पताल के डाक्टर नाराज हो गए और कर्मचारी के साथ स्टेशनरोड थाने पहुंचे। ड्यूटी के दौरान इस तरह की घटना को लेकर नाराज डाक्टरों ने काम बंद कर दिया। सुरक्षा के इंतजाम को लेकर नारेबाजी करने लगे। डाक्टरों का आरोप है कि अस्पताल में सुरक्षा के कोई प्रबंध नहीं है तो फिर डाक्टर्स काम कैसे करेंगे। इस बात को लेकर डाक्टरों ने ओपीडी का काम बंद कर दिया। डाक्टर समेत अस्पताल का स्टॉफ भी नारेबाजी कर सुरक्षा के इंतजाम कर अभद्र व्यवहार कर हाथपाई करने वाले युवकों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए।

एसडीएम एवं सीएसपी मौके पर पहुंचे

काम बंद करने की जानकारी मिलने पर एसडीएम संजीव कुमार पांडेय और सीएसपी हेमंत चौहान मौके पर पहुंचे। चिकित्सकों और अस्पताल स्टाफ से चर्चा कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद चिकित्सकों एव स्टाफ काम पर लौटा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *