रतलाम: जमीन से निकला सोना सस्ते में देने की बात कहकर युवक को ठगा, साढ़े 13 लाख रुपए गंवाए, पुलिस ने किया प्रकरण दर्ज

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
|


रतलाम,17दिसम्बर(खबरबाबा.काम)। गुजरात के रहने वाले युवक से ठगी की वारदात हो गई। शातिर ठगोरों ने युवक से साढ़े तेरह लाख से ज्यादा रुपए ऐंठ लिए। युवक को जब अपने साथ धोखा का आभास हुआ तो वह छह महीने बाद पुलिस के पास पहुंचा और धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ठगोरों का पता लगाने में जुट गई है। युवक को ठगने में पांच युवक शामिल है जिसमें एक झाबुआ जिले का और बाकी रतलाम जिले के है।

गुजरात प्रांत के दाहोद जिले के रहने वाले सूरमल भूरिया (22) के साथ धोखाधड़ी की गई। ठगी की वारदात 22 जून की बताई जा रही है। बताते है कि सोना सस्ते में दिलाने की बात को लेकर कुछ लोग उससे मिले। फरियादी को बताया कि फला व्यक्ति के यहां सोना जमीन से निकला है और यदि वह खरीदना चाहे तो उसे कम भाव में मिल जाएगा। ठगने वालो ने सोना सस्ते में देने का लालच देकर उसे इस तरह अपनी जाल में फंसाया कि युवक भी लालच में आकर सोना सस्ते में खरीदने के लिए तैयार हो गया और सोना खरीदने के लिए तकरीबन तेरह लाख पैंतालीस हजार रुपए ठगोरो को दिए।

इतनी बड़ी रकम देने के बाद युवक को अपने साथ धोखा होने का पता चला। छह महीने बाद वह जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचा और पुलिस को अपने साथ हुई धोखाधड़ी की जानकारी दी। उसका आरोप है कि झाबुआ जिले के कल्याणपुरा रहवासी युवक के अलावा सिमलावदा का पारदी युवक और उकेडिय़ा कंजर डेरे के दो लोगों सहित एक अन्य ने मिलकर जमीन से निकला हुआ सोने को कम भाव में देने का लालच देकर जावरा में भूतेड़ा टोल टेक्स के पास उससे छलपूर्वक रुपए लेकर धोखाधड़ी की।

जावरा औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने गुजरात के सुरमल भूरिया की रिपोर्ट पर नुरू निवासी सिहोरी कल्याणपुरा झाबुआ, सिमलावदा रहवासी कालू पारदी, उखेडिय़ा कंजर डेरा, जावरा निवासी जगदीश उर्फ देशिया उर्फ देवीसिंह कंजर एवं सुनील कंजर तथा अन्य मंगला काका के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध 420, 34 में दर्ज कर पांचों की तलाश शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *