रतलाम: जिले के ढोढर से युवा भाजपा नेता को ग्वालियर पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया, अपराधिक प्रकरण में ले जाने की जानकारी

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read

रतलाम,3फरवरी(खबरबाब.काम)। जिले के ढोढर निवासी भाजपा के युवा नेता विवेक पोरवाल को ग्वालियर पुलिस द्वारा अपराधिक प्रकरण में हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। घटनाक्रम का खुलासा नहीं होने के कारण पहले विवेक के दिनदहाडे घर के सामने से अपहरण किए जाने की खबर फैल गई थी। हांलाकि बाद में अपहरण की खबर झूठी निकली। पुलिस के अनुसार विवेक को ग्वालियर पुलिस द्वारा एक आपराधिक प्रकरण में हिरासत में लिया गया है।

उल्लेखनीय है कि विवेक पोरवाल भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष स्व.प्रहलाद पोरवाल के पुत्र है।दोपहर करीब डेढ बजे विवेक पोरवाल ढोढर स्थित अपने घर के बाहर धूप में खडे थे कि अचानक एक कार में सवार कुछ लोग वहां पंहुचे और उन्होने विवेक से हाथ मिलाया। हाथ मिलाने के बाद उन लोगों ने विवेक को जबर्दस्ती कार में बैठा लिया और कार वहां से रवाना हो गई।

इसके बाद विवेक के अपहरण की खबर पूरे जिले में आग की तरह फैली। जावरा के भाजपा नेताओं को जब यह सूचना मिली कि विवेक को कुछ अज्ञात लोग अपने साथ ले गए है,तो उन्होने सम्बन्धित पुलिस थाने से सम्पर्क किया। शुरुआत में यह पता नहीं चल पाया कि विवेक का अपहरण करने वाले कौन थे। लेकिन पुलिस ने जैसे ही प्रयास शुरु किए जल्दी ही सचाई सामने आ गई। पता चला कि यह अपहरण की वारदात नहीं है,बल्कि विवेक को एक अपराधिक मामले में ग्वालियर पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया है।

ढोढर पुलिस के अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक विवेक पोरवाल को ग्वालियर पुलिस का दल अपने साथ ले गया है। इस बात की सूचना भी ग्वालियर पुलिस के दल द्वारा स्थानीय पुलिस को दी जा चुकी है।

इनका कहना है

विवेक पोरवाल को एक आपराधिक मामले में ग्वालियर पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया है। ग्वालियर पुलिस द्वारा इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई है। आपराधिक प्रकरण की विस्तृत जानकारी ग्वालियर पुलिस ही दे सकती है।

अभिषेक तिवारी ,एसपी रतलाम

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *