रतलाम: एटलेन एक्सप्रेस वे समय बचाने का नहीं रतलाम के विकास का मार्ग है – विधायक चेतन्य काश्यप

indresh98kumar@gmail.com
5 Min Read
|

रतलाम,10फरवरी(खबरबाबा.काम)। विकास यात्रा के माध्यम से हमारे प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ज् की संकल्पना है कि आमजन तक पहुंचकर उनके कार्य कर सके। आप लोगों ने देखा होगा कि वर्ष 2003 के पहले मध्यप्रदेश एक बीमारू राज्य हुआ करता था लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद विकास कार्यों ने गति पकड़ी है। आज रतलाम के पास से एटलेन एक्सप्रेस वे निकल रहा है, जिसके माध्यम से रतलाम से दिल्ली-मुंबई की दूरी आधे समय में पूरी हो जाएगी। यह समय बचाने का मार्ग नहीं रतलाम के विकास का मार्ग है। इसके पास औद्योगिक निवेश क्षेत्र स्थापित कर रहे हैं जो रतलाम की दशा और दिशा दोनों बदलेगा।

यह बात विधायक चेतन्य काश्यप ने शुक्रवार को थावरिया बाजार में विकास यात्रा के समारोह के दौरान आयोजित कार्यक्रम में कही।विधायक श्री काश्यप ने कहा कि विकास कार्य होने के बाद अगली सदी का रतलाम नई सदी का होगा। आठ दशक पहले रतलाम मालवा-निमाड़ का बड़ा व्यापारिक केंद्र हुआ करता था। हम रतलाम के उस वैभव को फिर से स्थापित करेंगे। रतलाम को मालवा निमाड़ का बड़ा व्यापारिक केंद्र बनाएंगे।

शहर में विकास कार्यों को सिलसिलेवार गति दी जा रही है। पानी की समस्या से निजात दिलाने के लिए अमृत 2 योजना में 72 करोड़ रूपए स्वीकृत कराए हैं। डीपीआर भी बन रही है। इससे रतलाम को पहले से अधिक पानी मिलेगा। सीवरेज के काम में बैकलेन के लिए 15 करोड़ की राशि अतिरिक्त स्वीकृत हो चुकी है।

महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने बहनों के लिए लाडली बहना योजना शुरू की है, इसके पहले लाडली लक्ष्मी योजना को पूरे विश्व ने सराहा है। बुर्जुगों को तीर्थ दर्शन कराए। बात करे शहर में विकास कार्यों की तो विधायक चेतन्य काश्यप ने पूरे शहर की दशा बदल दी। गोल्ड काॅम्प्लेक्स के साथ ही ऐसे कई विकास के कार्य है जो कि रतलाम को नगर से महानगर की ओर बढ़ा रहे है। महलवाड़ा का सौंदर्यीकरण विधायक निधि से हो रहा है। शहर में पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए योजना पर काम चल रहा है। शहर के बडे़ नालों के ऊपर वाहन पार्क होंगे।

नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने कहा कि शासन की योजना का लाभ सभी को मिले इसी उद्देश्य से आज हम आप तक आए है। हमारे विधायक जी रतलाम को महानगर बनाने में लगे है। शहर में चारों और चैड़ी सड़कों का जाल बिछ गया है। उनके द्वारा हर वर्ग का ध्यान रखा जाता है। बच्चों के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह, खेल चेतना मेला का आयोजन करते है। शहर में सफाई और पानी से जुड़े कार्य की व्यवस्था महापौर जी ने संभाल रखी है।

विधानसभा यात्रा संयोजक मनोहर पोरवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री जी विभिन्न योजनाओं का लाभ आज हर वर्ग से जुडे़ लोगों को मिल रहा है। यह तो उदाहरण मात्र है, ऐसी कई योजनाएं है, जिनका लाभ आमजन को मिल रहा है। भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय और निर्मल कटारिया ने भी शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी आमजन को दी।

विकास यात्रा शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 25, 26, 41 व 42 नंबर वार्ड में निकली। थावरिया बाजार में आयोजित समारोह में कन्या पूजन के साथ विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री हेमंत राहोरी ने किया।

स्वागत भाषण गोपाल शर्मा ने दिया। आभार भाजपा नेता मंगल लोढ़ा ने माना। कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी, जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा, यात्रा प्रभारी शैलेंद्र सिंह सिसौदिया, एमआईसी सदस्य धर्मेंद्र व्यास, दिलीप गांधी, विशाल शर्मा, मनोहर लाल राजू सोनी, अक्षय संघवी, रामू डाबी, सपना त्रिपाठी, अनिता कटारा, मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी, पार्षद आयुषी सांकला, हितेश कामरेड, पप्पू पुरोहित, शक्ति सिंह, मंडल महामंत्री हेमंत राहोरी, मंगल लोढ़ा, गोपाल शर्मा, मोहनलाल धबाई, लोकेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *