रतलाम: मुख्यमंत्री श्री चौहान कल रतलाम में करेंगे लगभग 1374 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण- शिलान्यास,  लाडली बहना सम्मेलन में मुख्यमंत्री बहनों से सीधी चर्चा करेंगे

indresh98kumar@gmail.com
4 Min Read
|

रतलाम 7 अप्रैल (खबरबाबा.काम)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 8 अप्रैल को रतलाम आकर जिले को विकास की बड़ी सौगात देंगे। स्थानीय पोलोग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा लगभग 1374 करोड रुपए लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण, शिलान्यास किया जाएगा। मुख्यमंत्री शासकीय विभागों की विकासात्मक,गतिविधियों, योजनाओं, कार्यक्रमों उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान 8 अप्रैल को दोपहर 12:30 बजे हेलीकॉप्टर से रतलाम हवाई पट्टी पर आकर स्थानीय कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। मुख्यमंत्री इसी दिन शाम 4:15 बजे रतलाम से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।

पोलो ग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान लाडली बहना योजना की हितग्राही लगभग एक लाख बहनों से सीधी चर्चा करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा हितग्राहियों को मुख्यमंत्री भू-आवासीय अधिकार पत्रों (पट्टो) का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल के पीछे अंबेडकर भवन में लाडली बहना पंजीयन केंद्र पहुंचकर मुख्यमंत्री लाडली बहनों के पंजीयन की कार्रवाई में भाग लेंगे। इसी परिसर में मुख्यमंत्री द्वारा पेसा एक्ट के मोबिलाइजर तथा यंग अचीवर से संवाद किया जाएगा।
रतलाम में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिले की लाडली बहनों में जबरदस्त उत्साह है। पोलोग्राउंड पर लगभग एक लाख लाडली बहनों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में लाडली बहनों द्वारा मुख्यमंत्री को 100 फीट लंबाई की राखी और धन्यवाद पत्र सौंपा जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान हितग्राहियों को शासन की योजनाओं के हितलाभ वितरण भी करेंगे।

प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे

प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 8 अप्रैल को रतलाम आ रहे हैं इस दौरान मुख्यमंत्री अनेक कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।

मुख्यमंत्री का आगमन पर रतलाम में सैलाना रोड स्थित एक होटल में महत्वपूर्ण आयोजन होगा। परिजनों से संवाद के इस आयोजन में मुख्यमंत्री द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, विधि, उद्योग, खेल, कृषि अन्य कई विषयों एवं सामाजिक संगठनों और संस्थाओं से जुड़े लगभग 400 प्रबुद्धजनों से सीधा संवाद करेंगे।

कार्यक्रम में जिला प्रशासन द्वारा करीब 400 प्रबुद्धजनों को आमंत्रित किया गया है।दोपहर 2:00 बजे होने वाले इस प्रबुद्धजन संवाद के दौरान राज्य के ख्यात विशेषज्ञों द्वारा विकासात्मक गतिविधियों पर आधारित प्रेजेंटेशन दिया जाएगा। मुख्यमंत्री प्रबुद्धजनों से संवाद एवं विकास गतिविधियों पर प्रकाश डालकर परिचर्चा के दौरान सुझाव भी प्राप्त करेंगे।

इन कार्यों का भूमिपूजन लोकार्पण करेंगे

मुख्यमंत्री द्वारा 898.18 करोड़ रुपए लागत के 80 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन तथा 476.36 करोड़ रुपए लागत के 53 कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री द्वारा जिन कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा उनमें 574.56 करोड़ रुपए लागत के 4 गृह निर्माण एवं अधोसंरचनात्मक विकास कार्य, 199.81 लाख रुपए लागत के पीआईयू के 13 कार्य, दो करोड़ 77 लाख रुपए लागत का जल संसाधन विभाग का तालाब, 73 लाख रुपए लागत का शिक्षा विभाग का एक कार्य, 29 करोड़ 45 लाख रुपए लागत के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 36 कार्य शामिल है। इसी प्रकार जिन कार्यों का लोकार्पण होगा उनमें 295 करोड़ रुपए लागत का मेडिकल कॉलेज अस्पताल, 20 करोड़ 53 लाख रूपए लागत के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 36 कार्य, 64 करोड़ 68 लागत के जल संसाधन विभाग के 5 कार्य शामिल है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *