विधायक चेतन्य काश्यप ने यंत्र पूजा कर किया जावरा रोड अंडरब्रिज से सेजावता फंटा फोरलेन निर्माण कार्य का शुभारंभ,- 1737.25 लाख की लागत से बनेगा 4.12 किमी लंबा सिटी फोरलेन, विधायक श्री काश्यप ने कहा-रोड गुणवत्ता अच्छी रहे और हादसों की संभावना न रहे इस बात का रखे ध्यान

indresh98kumar@gmail.com
4 Min Read
|

रतलाम, 29 अप्रैल (खबरबाबा.काम)। शहर में लगातार चल रहे विकास कार्यों में एक ओर काम अब शुमार हो गया है। विधायक चेतन्य काश्यप और महापौर ने जावरा रोड अंडरब्रिज से सेजावता फंटा तक 1737.25 लाख की लागत से बनने वाले सिटी फोरलेन निर्माण कार्य की शुरूआत से पूर्व यंत्र पूजा की गई। करीब 4.12 किमी लंबा यह सिटी फोरलेन बनेगा। इसके पूर्व सैलाना रोड और सालाखेड़ी सिटी फोरलेन बनकर तैयार हो चुके है। वहीं करमदी तक सिटी फोरलेन का काम भी गति पकड़ने जा रहा है।

सिटी फोरलेन निर्माण कार्य की शुरूआत जावरा रोड क्षेत्र में समारोह पूर्वक की गई। उक्त मार्ग के सिटी फोरलेन में तबदील होने से यातायात का दबाव कम होगा। वर्तमान में भारी वाहनों के साथ अन्य वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहने से यहां पर हादसों की संभावना भी बनी रहती है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा यहां की जनता ने इस बार हमे र्निविरोध चुना है। शबाना और उनके साथ हमारे कार्यकर्ता शेरू पठान लगातार आपकी सेवा में लगे रहते है। आज आपके बीच में 17 करोड़ के फोरलेन का यंत्र पूजन के द्वारा कार्य शुभारंभ किया गया है। इसका शिलान्यस मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान जब रतलाम आए थे, तब किया गया था। यह रतलाम का प्रवेश मार्ग है।

श्री काश्यप ने कहा कि पीडब्ल्यूडी की देख रेख में यह मार्ग बनेगा। मैं उनसे कहूंगा की रोड गुणवत्ता अच्छी रहे। एक बार जब मार्ग बनता है तो लंबे समय तक क्षेत्र की जनता को लाभ मिलता है। निर्माण के दौरान जहां भी आवश्यक रोड की चौड़ाई बढ़ाना हो, कहीं टर्निंग है तो उसे भी ठीक करना है, यदि कहीं दुर्घटना की संभावना है, तो उक्त स्थान को कैसे सुरक्षित किया जाए, इस बात का भी ध्यान रखा जाए।

मार्ग के निर्माण से इससे लगकर बने औद्योेगिक क्षेत्र और रहवासी क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। अल्कोहल प्लांट की खाली भूमि पर नया औघोगिक क्षेत्र विकसित हो चुका है। यहां 100 बीघा भूमि पर 22 करोड़ की लागत से इसे तैयार किया गया है। उसमें 110 प्लाट है, जिसमें नए मध्यम और लघु उघोग लगना है, जिसके माध्यम से कई लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही भारी वाहनों की आवाजाही भी बढे़गी, इसलिए भी फोरलेन आवश्यक था।

कार्यक्रम के दौरान महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि विधायक जी ने जब से रतलाम की बागडोर संभाली है, उससे पहले का रतलाम आपने देखा और अब बाद का रतलाम भी आप देख रहे है। इस मार्ग के फोरलेन की बहुत आवश्यकता थी, क्योकि यह इंदौर फोरलेन को जोड़ता है। क्षेत्र के लोगों की भी यह मांग थी, जो अब पूरी हो चुकी है। नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने उक्त सिटी फोरलेन को क्षेत्रवासियों के लिए सौगात बताया।

कार्यक्रम के दौरान मंच पर भाजपा जिला कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी, कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा, मंडल अध्यक्ष निलेश गांधी, मयूर पुरोहित, एमआईसी सदस्य रामूडाबी, राजू सोनी, अक्षय संघवी, पार्षद शबाना खान, देवश्री पुरोहित, हितेश कामरेड अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष इब्राहिम शेरानी, दिनेश पटेल, राकेश परमार, शेरू पठान आदि उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *