रतलाम: दूसरे शहरों से आकर रतलाम में कर रहे थे चोरी, शहर में हुई चोरी की वारदातों का पर्दाफाश, पुलिस के हत्थे चढ़ा गिरोह, वाहन चोरी के मामले में भी पुलिस को मिली सफलता

indresh98kumar@gmail.com
5 Min Read
|

रतलाम,3मई(खबरबाबा.काम)। शहर में पिछले दिनों हुई चोरी की वारदातों के मामले में भी रतलाम पुलिस को सफलता हाथ लगी है। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में हुई चोरी के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनसे माल भी जप्त कर लिया है। पुलिस ने वाहन चोर गिरोह को भी पकड़ने में सफलता हासिल की है।

स्टेशन रोड पुलिस को मिली इस सफलता की जानकारी एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। एसपी ने बताया कि विगत 23 व 24 अप्रैल की रात्रि में शहर के शास्त्री नगर में स्थित साईदीप अपार्टमेन्ट और अरावली अपार्टमेन्ट के सूने फ्लैट और आफिस के ताले तोड कर अज्ञात चोरों द्वारा करीब पांच लाख रु. मूल्य के गहने व अन्य वस्तुओं की चोरी की थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी श्री बहुगुणा ने एक विशेष टीम गठित कर इन वारदातों का पता लगाने के निर्देश दिए थे। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों के तंत्र को सक्रिय कर इन वारदातों की जांच प्रारंभ की। मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने अनिल सिंह पिता सुजानसिंह सिकलीगर 31 निवासी इन्दौर और मलखान सिंह पिता राजू सिंह सिकलीगर 38 निवासी वडोदरा को गिरफ्तार किया। इनसे जब कडी पूछताछ की गई तो इन्होने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों ने बताया कि अनिल सिंह और मलखान सिंह ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर एक मोटर साइकिल खरीदी और इन्दौर से रतलाम आकर जहां सूने फ्लैट दिखाई दिए वहां चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने इनके कब्जे से 4 लाख 30 हजार रु. नगद,बिना नम्बर की मोटर साइकिल और चोरी का अन्य सामान जब्त किया है। पुलिस ने बताया कि ये सभी आदतन अपराधी है और इन्होने छत्तीसगढ,महाराष्ट्र व मध्यप्रदेश के अन्य जिलों में भी नकबजनी की वारदातें की है। पुलिस इनके आपराधिक रेकार्ड की जानकारी एकत्रित कर रही है। दोनो गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया,जहां से इन्हे चार दिन के पुलिस रिमाण्ड पर दिया गया है। रिमाण्ड के दौरान पूछताछ में अन्य वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है।

वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चोरी गई चार मोटरसाइकिल बरामद

स्टेशन रोड पुलिस ने कई जिलों में वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने में भी सफलता प्राप्त की है। एसपी श्री बहुगुणा ने बताया कि स्टेशन रोड पुलिस ने मुखबिर सूचना के आधार पर निर्मल पिता राधेश्याम पाटीदार 24 निवासी गंगाखेडी थाना सीतामऊ जिला मन्दसौर और बंटी पिता दशरथ पाटीदार 24 निवासी टकरावदा थाना नारायणगढ जिला मन्दसौर को गिरफ्तार किया। इनसे चोरी की गई चार मोटर साइकलें अब तक बरामद की जा चुकी है। बरामद चार दोपहिया वाहनों में से दो रतलाम के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र से चुराए गए थे,जबकि शेष दो नीमच से चोरी किए गए थे।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि दोनो आरोपी घर से झगडा करके भागे हुए है और किराये के मकान में मन्दसौर में रहते है। ये लोग ट्रेन से रतलाम आए थे। ये अपने साथ तीन चार चाबियां रखते हैैं। जहां कहीं बडी संख्या में मोटर साइकिलें खडी रहती है,वहां ये चाबी लगाकर ताला खोलने का प्रयास करते है। जिस गाडी का चाला खुल जाता है,उसे स्टार्ट कर सीधे मन्दसौर चले जाते थे। ये आरोपी चोरी की मोटर साइकिलें बेचने की फिराक में थे,लेकिन उससे पहले ही पकडा गए।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इन अपराधों का पर्दाफाश करने में स्टेशन रोड टीआई किशोर पाटनवाला, उप निरीक्षक सत्येंद्र रघुवंशी,उप आशीष पाल, उप निरीक्षक जीतेन्द्र चौहान सायबर सेल प्रभारी,सहायक उप निरीक्षक प्रदीप शर्मा, आरक्षक नीलेश पाठक, आरक्षक अभिषेक पाठक, आरक्षक अभिषेक जोशी, आरक्षक अर्जुन खींची, आरक्षक लोकेन्द्र सोनी, प्रधान आरक्षक दिलीप देसाई, आरक्षक विजय थापा एवं आरक्षक विपुल भावसार की सराहनीय भूमिका रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *