रतलाम: जमीनों पर कब्जे को लेकर कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी की विशेष सुनवाई-सैकड़ों की संख्या में सामने आए आवेदक

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
||

रतलाम 4 मई(खबरबाबा.काम)। जमीनों पर कब्जे को लेकर कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी द्वारा गुरुवार को आयोजित विशेष सुनवाई में सैकड़ों की संख्या में आवेदक सामने आए। यूं कहे कि कलेक्टोरेट में कब्जे से परेशान लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ स्वयं जमीन, प्लाट या संपत्ति पर कब्जे से परेशान लोगों की समस्याएं सुनी। कुछ मामलों में कलेक्टर ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के लिए मौके पर भी भेजा।

इस विशेष सुनवाई में बड़ी संख्या में महिलाएं ,पुरुष अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। सुनवाई में जो मामले सामने आए उनमें किसी की संपत्ति पर दबंगों ने कब्जा कर रखा है तो कहीं रजिस्ट्री के बाद भी किसी को कब्जा नहीं मिला। कोई दबंगों से इतना परेशान है कि अपनी जमीन पर ही नहीं जा पा रहा है। संपत्ति विवाद के अन्य मामले भी सामने आए। जो मामले कोर्ट में विचाराधीन है उनमें कलेक्टर ने कोर्ट से ही निर्णय की बात कही। कुछ मामलों में कब्जा छुड़ाने के लिए कलेक्टर ने तत्काल टीम भी भेजी, वहीं कुछ में तहसीलदार को आगामी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।

उल्लेखनीय है कि जिले में जन शिकायत एवं जन समस्याओं की सुनवाई के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया है कि जिले में अत्यधिक संख्या में ऐसे पीड़ित विद्यमान है ,जिनको अपनी संपत्ति पर कब्जे को लेकर विभिन्न प्रकार की समस्याएं हैं। कतिपय मामलों में कॉलोनाइजर एवं विक्रेताओं द्वारा जमीन भूखंड भवन आदि का क्रय विक्रय सम व्यवहार एवं विक्रय पत्र निष्पादन हो जाने के बावजूद भी पीड़ित पक्ष भौतिक रूप से परिसंपत्ति का कब्जा प्राप्त करने हेतु परेशान है या फिर दबंगों या पूर्व विक्रेता द्वारा अवैधयानिक कब्जे के कारण वे अपनी संपत्ति का उपयोग उपभोग नहीं कर पा रहे हैं।

उपरोक्त परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर द्वारा कब्जे संबंधी विवादों के निराकरण हेतु समिति गठित की गई है। जिसमें अपर कलेक्टर डॉ शालिनी श्रीवास्तव ,डिप्टी कलेक्टर सुनील कुमार जायसवाल ,जिला पंजीयक अमरेश नायडू तथा अधीक्षक भू-अभिलेख अकलेश मालवीय को शामिल किया गया है।

उपरोक्त समिति शिकायतों के शीघ्र निराकरण एवं कार्रवाई करे इसके लिए कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में कब्जे को लेकर आज विशेष सुनवाई आयोजित की गई थी।

इस दौरान एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम संजीव केशव पांडे,निगम के सिटी इंजीनियर जी.के. जायसवाल, जिला पंजीयक अमरेश नायडू भी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *