
रतलाम,5मई(खबरबाबा.काम)। ग्राम माननखेडा में नाबालिक बालिका को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छुडाने के साहसिक कार्य करने पर एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा द्वारा शुक्रवार को रतलाम पुलिस की ओर से श्रीमती कारीबाई एवं दिव्यांग भंवरसिंह को असली हीरो के रुप मे किया सम्मानित गया।
पुलिस के अनुसार 1 मई को रतलाम जिले के ग्राम माननखेड़ा में सुबह करीब 9.00 बजे एक 10 वर्षीय नाबालिग बालिका जो कि शिवमंदिर जा रही थी। रास्ते में दो बदमाशो मोटरसायकल से वहा आए और बालिका से छेडखानी करने लगे। कुछ ही समय मे वे लोग बालिका का अपहरण कर जबरजस्ती मोटर सायकल पर बैठाकर वहां से भागने लगे। अपह्रत बालिका द्वारा शोर मचाने पर पास ही मंदिर मे दर्शन कर रही कारीबाई पति गोपाल माली उम्र 45 साल निवासी माननखेडा शोर शराबा सुनकर वहा आई और अदम्य साहस का परिचय देते हुए बदमाशो से भिड़ गई और बालिका को बदमाशो से छुड़ाने का प्रयास करने लगी। इस दौरान कारीबाई ने मदद के लिये आवाज भी लगाई। कुछ ही देर मे मौके पर एक दिव्यांग व्यक्ति भंवरसिंह पिता महादेव सिंह राजपूत उम्र 61 साल निवासी माननखेड़ा भी आ गये । कारीबाई तथा भवरसिह दोनो ने साहस का परिचय देकर अपह्रत बालिका को बदमाशो के चंगुल से छुड़वाया इसके साथ ही आरोपियो को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। कारीबाई और दिव्यांग भंवरसिह द्वारा एक नाबालिग बालिका को अपहरणकर्ताओं से बचाते हुए अदम्य साहस का परिचय दिया गया है। जिसके कारण बालिका के साथ गंभीर घटना को होने से रोका गया है।
नाबालिग पिड़ीता की रिपोर्ट पर थाना रिंगनोद पर आरोपीगण संतोष पिता नरवरसिंह उम्र 23 साल निवासी ग्राम ठगाई थाना पाली जिला ललितपुर( उ.प्र.) व सुशील उर्फ सुनील पिता देवीसिंह लोधी उम्र 23 साल निवासी झीरया तालुका चौका थाना बेगमंज जिला रायसेन हालमुकाम आजाद नगर इंदौर के विरूद्ध धारा 363,365,354,34 एवं 7/8 पॉक्सो एक्ट का पंजीबद्ध कर आरोपीगण को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से जप्त मोटरसाईकल की तलाशी लेते मोटरसाईकल पर बंधी जहरीली शराब से भरी एक प्लास्टिक की केन मिली। जिसे भी जप्त किया गया। बाद प्रकरण में धारा 49(ए) आबकारी अधिनियम का ईजाफा किया गया।
पुलिस अधीक्षक रतलाम सिद्धार्थ बहुगुणा द्वारा आज कारीबाई पति गोपाल माली उम्र 45 साल निवासी माननखेडा व दिव्यांग भंवरसिह पिता महादेव सिंह राजपूत उम्र 61 साल निवासी माननखेड़ा के द्वारा किये गये साहसिक कार्य हेतु ‘असली हीरो’ सम्मान से सम्मानित किया गया है।



