
रतलाम,6मई(खबरबाबा.काम)। नामली-जावरा के बीच फोरलेन पर आज सुबह सडक़ हादसे में दो ट्रक की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में एक की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया है। घायल को इलाज के लिए रतलाम अस्पताल भिजवाया गया।
घटना आज सुबह सवा दस बजे के लगभग की है।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ट्रक जावरा से रतलाम की ओर जा रहे थे कि भदवासा फंटे के निकट अचानक पीछे से आया ट्रक आगे जा रहे ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि पीछे से घुसे ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलते ही नामली पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे में चालक और क्लीनर दोनों ट्रक में बुरी तरह फंस गए जिन्हें काफी मशक्कत कर बाहर निकाला। बताया जाता है कि इस हादसे में एक की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसे इलाज के लिए रतलाम रैफर किया गया।
संकेतक नहीं लगे होना कारण!
घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना था कि जिस जगह हादसा हुआ है उसे ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया था। यहां दुर्घटना रोकने के लिए स्पीड ब्रेकर तो बनाए गए लेकिन स्पीड ब्रेकर के लिए कोई संकेतक या चिन्ह नहीं लगाए गए। आज भी आगे वाले ट्रक ने स्पीड ब्रेकर देखकर अचानक ब्रेक लगाया जिससे पीछे वाला ट्रक उसमें घुस गया।


